चौमूं। पिछले 10 दिन पहले आसमां छू रहे सब्जियों के भावों में एकाएक गिरावट आने से चौमूं इलाके के किसान आहत हैं। मौसम में बदलाव के चलते मंडी में सब्जियों की आवक बढ़ गई तो सावों का सीजन नहीं होने से डिमांड नहीं रही। स्थिति यह है कि मंडी में पिछले 10 दिन पहले फूल गोभी की आवक 10 टन थी।
वहीं वर्तमान में 20 टन और पत्ता गोभी की आवक 20 से बढक़र 40 टन तक पहुंच गई है। दिल्ली व हरियाणा सहित बाहरी राज्यों के व्यापारियों ने डिमांड कम कर दी है। इससे फूल व पत्ता गोभी के भाव धड़ाम से गिरे गए है। इनके अलावा टमाटर व चपल टिंडा आदि सब्जियों के भाव भी कम हो गए हैं।
चौमूं इलाके के अनतपुरा, बांसा, चीथवाड़ी, समरपुरा, विजसिंहपुरा, जाटावाली, रामपुरा डाबड़ी, जैतपुरा, आंकेडा, सामोद, महार कला, धवली, ढोढ़सर, नयाबास, ईशरावाला, बिलौची, मानपुरा माचेडी आदि में फूल व पत्ता गोभी की बहुयायत क्षेत्र में पैदावार होती है। कृषि अधिकारियों के मुताबिक करीब 500 से अधिक हेक्टेयर में गोभी की फसल है। इस बार सब्जियों के भाव ठीक रहे हैं, लेकिन अब जाकर एकाएक भावों में आए गिरावट से किसान परेशान हो गए हैं।