
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
‘हम महारानी कॉलेज की अंतिम वर्ष की छात्राएं हैं। पिछले छह महीने से यह आदमी (मोहम्मद युसुफ) कॉलेज के बाहर आकर अश्लील हरकतें कर रहा था। हरकतें भी ऐसी कि छात्राओं को अपनी नजरें तक झुकानी पड़ गई। जूनियर छात्राओं ने हमसे कहा। हमने कॉलेज प्राचार्य और कुलपति से शिकायत की, लेकिन कोई साथ नहीं आया। दो दिन से वह व्यक्ति कॉलेज के टोंक रोड वाले गेट पर आकर कार रोक लेता और छात्राओं को कार में बैठने के लिए कहता। कभी हमें देखकर बेहूदा हरकत करता।
इस बार हमने उसे सबक सिखाने की ठानी। वह व्यक्ति करीब एक बजे कॉलेज के बाहर कार लेकर आया और फिर बेहूदा हरकत करने लगा। हमने उस आदमी का सामना करने के लिए छात्राओं को एकजुट होने के लिए कहा, लेकिन वे डरी हुई थीं। ऐसे में हम दो लड़कियों ने ही कॉल करने के बहाने वीडियो बनाया।
युवक को जैसे ही पता लगा कि वीडियो बन रहा है, वह भाग गया। इसके बाद अकेले ही पुलिस थाने पहुंची।’ शर्मसार करने वाला यह वाकया जयपुर के महारानी कॉलेज के बाहर का है। वीडियो बनाने वाली छात्रा ने राजस्थान पत्रिका को आपबीती बताई। शनिवार को घटना का वीडियो वायरल हुआ। इस पूरे घटनाक्रम ने कॉलेज प्रबंधन से लेकर सरकार के सिस्टम तक पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
पुलिस का गैर जिम्मेदाराना रवैया, फिर कैसे आवाज उठाएंगी बेटियां..
—लालकोठी थाना पुलिस ने इस शर्मसार करने वाली हरकत करने वाले युवक को केवल शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ सख्त एक्शन नहीं लिया।
—गंभीर यह भी है कि पुलिस मौके पर नहीं गई, बल्कि छात्राएं शुक्रवार को थाने पहुंची और पूरी घटना बताई। वीडियो सौंपा, इसके बावजूद पुलिस ने एफआईआर की बजाय केवल परिवाद दर्ज किया और मोहम्मद युसुफ को केवल शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर इतिश्री कर ली।
—छात्राओं को पुलिस ने शनिवार को बुलाया, लेकिन छात्राओं ने सोमवार को आने के लिए कहा।
शिकायत में यह..
कॉलेज के बाहर बस स्टॉप के सामने वह व्यक्ति कार में बैठकर न सिर्फ अश्लील इशारे करता है, बल्कि नग्न भी हो जाता है। कुछ देर बाद व्यक्ति वहां से चला जाता। ऐसा लगातार चलता रहा।
यह है...
वीडियो में नजर आ रही कार नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच की। कार का रजिस्टर्ड पता सी-स्कीम का है। वीडियो में दिख रहा व्यक्ति गिरधारीपुरा कच्ची बस्ती निवासी मोहम्मद युसुफ (42) ड्राइवर है।
दूसरे शैक्षणिक संस्थानों में ऐसा तो आगे आएं छात्राएं..
प्रदेश के कई अन्य कॉलेज, विश्वविद्यालयों में भी कई तरह की शर्मसार करने वाला वाकया होता रहा है। चर्चा में भी आता है, लेकिन 'सिस्टम' का साथ नहीं मिलने से छात्राएं आगे नहीं आ पाती।
मुहिम में जुड़े, सोशल मीडिया पर पोस्ट करे
हर लड़की या महिला कभी न कभी ईव टीजिंग का शिकार होती है। कई बार वह उस घटना को नजरअंदाज कर देती तो कभी-कभार प्रत्युतर दे देती है। राजस्थान पत्रिका ईव टीजिंग की घटनाओं के खिलाफ एक मुहिम शुरू कर रहा है। अगर आपके साथ ऐसी कोई घटना हो या आप ऐसी कोई घटना होते देखे तो घटना की फोटो-वीडियो के साथ ट्वीटर पर #StopEveTeasing के साथ शेयर करें। साथ ही @rpbreakingnews को टैग करें। आप आगे आएंगी, तभी ईव टीजिंग रूकेगी।
प्रिंसिपल बोली : कॉलेज के बाहर घटना, सूचना नहीं
-घटना कॉलेज के बाहर की है। मुझे इसकी सूचना नहीं है।
—आभा जैन, प्राचार्य, महारानी कॉलेज
-परिवाद के आधार पर आरोपी को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है। छात्रा से बात हुई है, उन्होंने सोमवार को थाने आने के लिए कहा है। उसके बाद में आरोपी के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरेन्द्र सिंह, थानाधिकारी, लालकोठी
Updated on:
05 Jun 2022 11:50 am
Published on:
05 Jun 2022 11:42 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
