21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

संत रामनाथ महाराज की 61वीं बरसी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

- रुद्राभिषेक व विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का हुआ आयोजन
less than 1 minute read
Google source verification
संत रामनाथ महाराज की 61वीं बरसी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

संत रामनाथ महाराज की 61वीं बरसी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पोकरण. क्षेत्र के प्रसिद्ध संत रामनाथजी महाराज की 61वीं बरसी गुरुवार को महाराज के आश्रम पर श्रद्धा के साथ परंपरागत रूप से मनाई गई। इस मौके पर आश्रम में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कस्बे के मालियों की गली आशापुरा मार्ग पर स्थित महाराज के आश्रम में उनकी बरसी के मौके पर गुरुवार को सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ था तथा दिनभर भीड़ लगी रही। सुबह यजमान हुकमसिंह ने आचार्य पंडित गिरीराज पुरोहित के सानिध्य में महाराज की समाधि पर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर गुरु चरण पादूका व समाधि पूजन किया गया तथा आश्रम में स्थित मां लटियाल, बाबा रामदेव के मंदिर की भी विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, प्रधान भगवतसिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
किया रुद्राभिषेक
इस मौके पर वेदपाठी पंडितों की ओर से आचार्य के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक किया गया तथा भगवान शिव व महाराज की समाधि पर दुग्ध धारा से अभिषेक किया गया। इस दौरान सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दुग्ध चढाकर अमन, चैन व खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
शाम के समय लगा मेला
महाराज की बरसी के मौके पर शाम चार बजे कस्बे के विभिन्न वार्डों, आसपास क्षेत्र के गांवों, जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, हरियाणा, पंजाब, गुजरात आदि प्रांतों से आए महाराज के शिष्यों ने समाधि के दर्शन किए। शाम छह बजे पश्चात् प्रसादी का वितरण किया गया तथा हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। रात्रि 10 बजे पश्चात् संतों के प्रवचन व जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें क्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायकों ने रातभर भजन प्रस्तुत किए। जिस पर श्रोता झूम-झूम कर नाचने लगे।