
patrika news
विराट पथ संचलन का के बाद हुई धर्मसभा
नाचना(जैसलमेर). राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से पोकरण उपखण्ड मुख्यालय पर 18 मार्च को आयोजित जागृत हिन्दू महासंगम से पूर्व हिन्दू समाज को संगठित करने के लिए नाचना में रविवार को विराट पंथ संचलन व धर्मसभा आयोजित की गई। जिसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर राष्ट्र विकास के लिए हिन्दूओं को संगठित करने का संदेश दिया। कस्बे में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से द्विधारा पथ संचलन निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में आरएसएस के स्वयंसेवक सुबह आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय व उत्तरी सुथार सैन मोहल्ले में एकत्र हुए। यहां से दो अलग-अलग पथ संचलन शुरू किए गए। जिसमें संघ के स्वयंसेवक गणवेश के साथ घोष की ताल पर कदमताल मिलाकर चलते हुए संगठित हिन्दू, समृद्ध भारत का संदेश दे रहे थे। प्रत्येक एक टोली के आगे घोषवादकों का दल और पीछे स्वयं सेवकों का दल घोष की थाप के साथ कदमताल करते हुए लोगों को आकर्षित कर रहे थे। स्वयंसेवकों का एक दल पथ संचलन के साथ बस स्टैण्ड, पदम कॉलोनी, खत्री पाड़ा, माहेश्वरी मोहल्ला, किला चौक और दूसरा दल मेघवालों का पाड़ा, भीलों का मोहल्ला, सुनारों का मोहल्ला, प्रजापत मोहल्ला, राजपूत मोहल्ला, अस्पताल रोड होते हुए पदमसिंह भोमियाजी चौक पहुंचा। यहां दोनों दलों का संगम हुआ, जिसका नजारा देखते ही बन रहा था। यहां से पथ संचलन बस स्टैण्ड, बाहला रोड होते हुए चोतिना कुंआ परिसर के पास स्थित मैदान में पहुंचा। पथ संचलन कर रहे कार्यकर्ताओं पर गांव के मुख्य मार्गों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
धर्मसभा का हुआ आयोजन
पथ संचलन के समापन स्थल चोतिना कुंआ परिसर के पास स्थित मैदान में धर्मसभा आयोजित की गई। किशनदास महाराज, लक्ष्मणदास महाराज, इन्द्रनाथजी के धूणे के नागाबाबा, उदासीन पंथ के लक्ष्मणदास, गिराजसर बीकानेर के महेशनाथ, आरएसएस जिला कार्यवाह भगवतदान रतनू, खण्ड संघचालक उगमसिंह के सानिध्य में आयोजित धर्मसभा में संघ के स्वयंसेवकों के अलावा गांव व आसपास क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में हिन्दू समाज के लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता संघ के जिला प्रचारक इन्द्रसिंह ने स्वयं सेवक की परिभाषा बताई। उन्होंने कहा कि जिसके मन में हिन्दूत्व की भावना होती है, देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए जो समर्पित रहता है, वही स्वयंसेवक होता है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म व भारतीय संस्कृति विश्व की महान संस्कृति है। यहां लोग भारत भूमि को माता व यहांं के कण-कण को भगवान मानने वाले लोग है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले के हालात ठीक नहीं है। जिसके लिए सभी हिन्दू समाज को संगठित होने की जरुरत है। उन्होंने बताया कि हिन्दू समाज को एकजुट करने के लिए 18 मार्च 2018 को पोकरण में जागृत हिन्दू महासंगम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के हिन्दू समाज के लोगों से अधिकाधिक संख्या में इस महासंगम में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने नाचना में आयोजित विराट पथ संचलन के लिए क्षेत्र के लोगों का आभार जताया और देश की सीमाओं की रक्षा व लोकतंत्र की मजबूती के लिए हिन्दू समाज को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।
Published on:
22 Jan 2018 06:46 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
