
बजट का संकट, 55 करोड़ के कार्यों की रफ्तार मंथर
जैसलमेर. सीमावर्ती जैसलमेर जिले में सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से शुरू करवाए गए भवन व सड़क निर्माण कार्य बजट के अभाव में बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। कई कार्य तो ठेकेदारों ने बंद कर रखे हैं। इनमें पोकरण में निर्माणाधीन कन्या महाविद्यालय के सानिवि की ओर से करवाया जा रहा महत्वाकांक्षी कार्य भी शामिल है। इसके अलावा जिले में अनेक सड़क नवीनीकरण व निर्माण संबंधी कार्यों की गति प्रभावित हो गई है। जिले में विभाग के तहत कुल 55 करोड़ के कार्य इस वजह से प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी ओर जो कार्य स्वीकृति के बाद अभी तक चालू नहीं किए गए हैंए उन्हें शुरू नहीं करने के संबंध में दिशा निर्देश अधिकारियों को उच्च स्तर से मिल चुके हैं।
कई महीनों से भुगतान नहीं
जानकारी के अनुसार भवन व सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार की सबसे बड़ी एजेंसी सार्वजनिक निर्माण विभाग में बजट का संकट पिछले कई महीनों से बना हुआ है। इसके चलते पूर्व में स्वीकृति के बाद शुरू करवाए गए कार्य संबंधित ठेकेदारों द्वारा या तो बंद कर दिए गए हैं अथवा उनकी प्रगति बहुत धीमी पड़ गई है। बजट के अभाव में ठेकेदार अर्थाभाव से जूझ रहे हैं और जिला मुख्यालय तथा पोकरण स्थित खंड कार्यालयों के चक्कर काटने को विवश बने हुए हैं। विभागीय सूत्रों ने बताया कि सानिवि में बजट का इतनी लम्बी अवधि का अर्थ संकट पहले कभी नहीं देखा गया। अनेक ठेकेदार किए जा रहे कार्यों की किश्तों को तरस रहे हैं तो कइयों के मूल्यवृद्धि से संबंधित भुगतान अटके हुए हैं। एक अन्य जानकारी के अनुसार भवन निर्माण संबंधी मद में विभाग के पास पिछले करीब छह माह से भुगतान का बंदोबस्त नहीं है।
एक कार्य की दो कहानियां
पोकरण उपखंड मुख्यालय पर बन रहे कन्या महाविद्यालय के संबंध में गौरतलब है कि यह इमारत चार ब्लॉक्स में बन रही है। तीन ब्लॉक्स की कार्यकारी एजेंसी कृषि विपणन मंडी है तो एक ब्लॉक का कार्य सानिवि करवा रहा है। जहां तीन ब्लॉक वाले करीब 10 करोड़ का कार्य निरंतर जारी है वहीं सानिवि के हिस्से वाले ब्लॉक का निर्माण विगत दिनों से ठेकेदार ने भुगतान के अभाव में बंद कर रखा है। जानकारी के अनुसार इस हिस्से में ठेकेदार ने करीब पौने दो करोड़ का काम पूरा कर दियाए लेकिन उसे इस कार्य का भुगतान नहीं किया जा सका है। एसआरएफ योजना के तहत बनने वाली सड़कों के नए स्वीकृतिसुदा कार्य करने की ठेकेदार हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं तो चालू कार्य की प्रगति धीमी हो गई है।
फैक्ट फाइल
-03 खंड जिले में सानिवि के
-01 वृत्त कार्यालय जैसलमेर में
-55 करोड़ के कार्य चल रहे
लगातार डिमांड कर रहे हैं
विभाग की ओर से करवाए जा रहे कार्यों के लिए भुगतान के संबंध में हमारी ओर से लगातार डिमांड की जा रही है। उच्चाधिकारियों को भी समय.समय पर अवगत करवाया जा रहा है। बजट के अभाव में कार्यों की प्रगति धीमी है तथा पोकरण में कन्या महाविद्यालय का काम रुका हुआ है।
-हरिसिंह राठौड़, अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जैसलमेर
Published on:
17 Jul 2020 10:11 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
