रेल में यात्रियों का सामान टटोलते एक गिरफ्तार
पोकरण. रेलवे पुलिस जैसलमेर ने गुरुवार की रात्रि में लीलण एक्सप्रेस में चोरी की नीयत से यात्रियों का सामान टटोलते एक युवक को गिरफ्तार किया। रेलवे पुलिस चौकी जैसलमेर प्रभारी रामलाल गोदारा ने बताया कि गुरुवार की रात्रि में लीलण एक्सप्रेस रामदेवरा से जैसलमेर के लिए रवाना हुई। उन्होंने मय कांस्टेबल ओमप्रकाश गश्त के दौरान देखा कि एक युवक रेल में सो रहे यात्रियों के बैग, जेब व उनका सामान टटोल रहा था, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे पकडकऱ उसका टिकट व स्वयं के सामान बाबत पूछताछ की, तो उसके पास कुछ नहीं मिला। जिस पर नाचना थानाक्षेत्र के आसकंद्रा निवासी मनफूलराम पुत्र रेंवताराम भील को रेल में भीड़ में सोए यात्रियों का सामान टटोलने, चोरी की वारदात को अंजाम देने की आशंका व जुर्म की रोकथाम के लिए गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि इस युवक को पूर्व में भी 13 जनवरी को रेल में यात्रियों का सामान टटोलने के आरोप में गिरफ्तार कर छह माह के लिए पाबंद किया गया था। बावजूद इसके उसकी ओर से छह माह के अंदर दूसरी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया।