
दोस्तों की जान बचाने के दौरान हादसे का शिकार हुए धायसर निवासी गिरधर सुथार। फाइल फोटो
लाठी ( जैसलमेर). दोस्तों को डूबता देख उन्हें बचाने के लिए बिना अपनी जान की परवाह किए तालाब में छलांग लगाने वाले धायसर गांव के 21 वर्षीय गिरधर सुथार की खुद डूबने से मौत हो गई। बेंगलूरु के नेसूर में तालाब में नहाने के दौरान हुए हादसे में गिरधर और उसके एक साथी की जान चली गई। दोनों दोस्तों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद गहरे पानी में फंस गए थे। हादसे की सूचना धायसर पहुंची तो गांव में शोक की लहर दौड़ गई। धायसर निवासी गिरधर सुथार पुत्र रुपाराम सुथार पिछले करीब दो वर्षों से बेंगलूरु के नेसूर में घोड़ा फार्म पर काम कर रहा था। वह चार दोस्तों के साथ घोड़ा फार्म के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान उसके दो साथी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख गिरधर और एक अन्य साथी उन्हें बचाने के लिए तालाब में उतर गए। गिरधर और उसके साथी ने प्रयास कर दोनों युवकों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद दोनों खुद गहरे पानी में फंस गए और डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव बरामद किए गए। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
गिरधर पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग करने के लिए वह करीब दो वर्ष पहले बेंगलूरु गया था। घोड़ा फार्म पर काम कर वह परिवार का सहारा बन रहा था। उसकी मौत की खबर धायसर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोकरण क्षेत्र के सांकड़ा व आसपास के गांवों में जलापूर्ति को सुचारु करने के लिए पोकरण-फलसूंड पेयजल लिफ्ट परियोजना की पाइप लाइन से 25 अवैध कनेक्शन काटे गए। गौरतलब है कि सांकड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से जलापूर्ति बाधित थी, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अवैध कनेक्शनों के कारण गांवों में पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए पोकरण-फलसूंड पेयजल लिफ्ट परियोजना ने अवैध कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया है। परियोजना खंड नाचना के अधिशासी अभियंता तुषार शर्मा के निर्देशानुसार सहायक अभियंता जयप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस के सहयोग से बीलिया से सांकड़ा के बीच मुख्य पाइपलाइन की जांच की गई। इस दौरान 25 अवैध कनेक्शन हटाए गए। अधिकारियों ने बताया कि अवैध कनेक्शन हटाने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि सभी को पर्याप्त पानी मिल सके।
Updated on:
07 Oct 2026 08:47 pm
Published on:
07 Oct 2026 08:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
