6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए सरकार प्रयासरत : मंत्री

- अस्पताल को सुपुर्द की एम्बुलेंस, सुनी समस्याएं

2 min read
Google source verification
बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए सरकार प्रयासरत : मंत्री

बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए सरकार प्रयासरत : मंत्री

नोख. राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग के मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार को लेकर सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मनसा है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की समस्या का समाधान हो तथा उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा व सेवा मुहैया हो। इसके लिए कई योजनाएं संचालित कर आमजन को राहत पहुंचाई जा रही है। मंत्री शाले मोहम्मद ने मंगलवार शाम नोख गांव के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में विधायक मद से एम्बुलेंस सुपुर्द करते हुए समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जोधपुर, जैसलमेर व बीकानेर तीन जिलों की त्रिवेणी पर स्थित नोख के आदर्श राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को ग्रामीणों की मांग पर सामुुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत किया गया है। जिससे जैसलमेर ही नहीं आसपास अन्य जिलों के गांवों में निवास कर रहे ग्रामीणों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही अस्पताल में जांच मशीनें उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि मरीजों की नि:शुल्क जांचें हो सके। उन्होंने चिकित्सा विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। विशेष रूप से मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन करवाने और नि:शुल्क उपचार करवाने की बात कही। उन्होंने पोकरण क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
एम्बुलेंंस व जनरेटर किया सुपुर्द
मंत्री शाले मोहम्मद ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक विकास मद से राशि स्वीकृत कर नोख अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने मंगलवार को फीता काटकर एम्बुलेंस अस्पताल को सुपुर्द की। इसी प्रकार गोदावरी ग्रीन एनर्जी की ओर से अस्पताल में जनरेटर उपलब्ध करवाया गया है। मंत्री ने जनरेटर भी अस्पताल को सुपुर्द किया तथा कंपनी का आभार जताया। इस मौके पर विकास अधिकारी गणपतराम सुथार, नायब तहसीलदार गोविंदराम गर्ग, भंवरलाल मदासर, सत्यनारायण चांडक, अरविंदसिंह, प्रेमसिंह भाटी, सीएचसी प्रभारी हर्षित बोहरा सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सौंपे ज्ञापन
अस्पताल परिसर में कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओंं को लेकर मंत्री को ज्ञापन सुपुर्द किए। डॉॅ.सुनील तेतरवाल ने अस्पताल की समस्याओं से अवगत करवाया। ग्रामीणों ने खातेदारी अधिकार दिलाने, भूमि आवंटन करवाने सहित अन्य समस्याओं से अवगत करवाया। जिस पर मंत्री ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने अस्पताल को क्रमोन्नत करने, एम्बुलेंस व जनरेटर उपलब्ध करवाने, अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की स्वीकृति, राउमावि में विज्ञान संकाय शुरू करवाने पर मंत्री का आभार जताया।
प्रशासन गांवों के संग का उठाएं लाभ
मंत्री शाले मोहम्मद ने यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर को राज्य सरकार की ओर से प्रशासन गांवों के संग अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान सरकार की ओर से नियमों में शिथिलताएं भी दी गई है। उन्होंने इन शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया है।