15 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: पोकरण में चोरों के हौसले बुलंद, ऐतिहासिक पंचमुखी महादेव मंदिर को बनाया निशाना

पोकरण में चोरों के हौसले बुलंद हैं, अब आस्था के केंद्र भी उनके निशाने पर आ गए हैं। मंगलपुरा में मकान में चोरी के दो दिन बाद चोरों ने ऐतिहासिक पंचमुखी महादेव मंदिर को निशाना बनाया। शिवलिंग पर स्थापित शेषनाग, घंटी और अन्य सामान चोरी होने से कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
2 min read
Google source verification
jaisalmer pokaran crime news

पोकरण. शिवलिंग से चुरा ले गए शेषनाग। पत्रिका

पोकरण. कस्बे में चोरी की लगातार बढ़ती वारदातों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। मंगलपुरा क्षेत्र में मकान में चोरी की घटना के दो दिन बाद बुधवार रात चोरों ने सालमसागर तालाब के पश्चिम में स्थित ऐतिहासिक पंचमुखी महादेव मंदिर को निशाना बनाया। चोर मंदिर से शिवलिंग पर स्थापित कीमती धातु का शेषनाग, घंटी और अन्य सामान चुरा ले गए। गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी को दरवाजा खुला मिला। अंदर सामान गायब देखकर चोरी का पता चला। लगातार सामने आ रही वारदातों से कस्बे में भय का माहौल है।

मंदिर से धार्मिक सामान चोरी, सुबह खुला मिला दरवाजा

पंचमुखी महादेव मंदिर में बुधवार रात पूजा के बाद पुजारी मंदिर बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह लौटने पर मंदिर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो शिवलिंग पर स्थापित धातु का शेषनाग, मंदिर की घंटी और अन्य सामान गायब था। चोर रात के समय मंदिर में घुसे और सामान चुराकर ले गए। ऐतिहासिक मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से श्रद्धालुओं में भी चिंता है।

छह-सात माह में एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें

कस्बे और आसपास के क्षेत्र में पिछले छह-सात माह से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस अवधि में एक दर्जन से अधिक वारदातें हो चुकी हैं। कस्बे में भी दो-तीन चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। चोरों का पता नहीं चलने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस गश्त और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मंगलपुरा के सूने मकान से चांदी, सोने के आभूषण और नकदी चोरी

मंगलपुरा क्षेत्र की पुरोहितों की गली में दो दिन पूर्व हुई चोरी के मामले में परिवार के लौटने के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस के अनुसार, चैनसुख पुत्र श्रीकिशन पुरोहित ने रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र मुंबई में नौकरी करता है। उससे मिलने के लिए वे परिवार सहित मुंबई गए थे। इसी दौरान 12 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर घर में घुसे और करीब एक किलो चांदी, दो तोला सोने के आभूषण, पीतल की मूर्तियां और नकदी चुरा ले गए। रिपोर्ट में 20-20 रुपए के चार नोट, 10-10 रुपए के तीन नोट और 500 रुपए के करीब 40 से 45 नोट चोरी होने का उल्लेख है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मनोहरलाल कर रहे हैं।