
हिट एंड रन कानून के विरोध का जैसलमेर में दिख सकता है असर
देश में नए हिट एंड रन कानून के विरोध में राजस्थान सहित कई राज्यों में वाहन चालकों की अलग-अलग यूनियनों की तरफ से दर्ज करवाए जा रहे विरोध का जैसलमेर में मंगलवार तक तो असर नहीं दिखा लेकिन सरकार के साथ हड़ताल कर रही यूनियनों का कोई समझौता नहीं हुआ तो बुधवार से निजी बसों की आवाजाही से लेकर पेट्रोल-डीजल और सब्जी-फल व अन्य वस्तुओं की आपूर्ति पर प्रतिकूल असर पडऩे की संभावना है। इस बीच मंगलवार को गोल्डनसिटी कार टैक्सी यूनियन के तत्वावधान में टैक्सी संचालकों व चालकों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। हिट एंड रन कानून को वापस लेने अथवा इसमें बरती गई सख्ती को कम करने की मांग की गई है। यूनियन के अध्यक्ष बाल गोविंद पुरोहित, देवीसिंह चौहान आदि के नेतृत्व में अलग-अलग वाहनों के संचालक मौजूद थे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने कानून वापस नहीं लिया तो आंदोलन व हड़ताल की जाएगी। दूसरी ओर निजी बस ऑपरेटर और पूर्व सभापति अशोक तंवर ने बताया कि मंगलवार को जैसलमेर से विभिन्न शहरों के लिए निजी बसों की आवाजाही सामान्य रूप से हुई लेकिन मंगलवार रात अथवा बुधवार को कोई निर्णय नहीं हुआ तो यह सेवा प्रभावित हो सकती है।
डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति नहीं
इधर जैसलमेर में डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पम्प संचालक नरेंद्र व्यास ने बताया कि जोधपुर जिले के सालावास स्थित डिपो से पेट्रोलियम पदार्थों के टैंकर भरवाए जाते हैं। वहां हमारे टैंकर खड़े हैं। मंगलवार तक तो पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता है लेकिन गतिरोध नहीं टूटा तो बुधवार से हालात बिगड़ सकते हैं। यही स्थिति कमोबेश वस्तुओं के ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की है। सबकी निगाहें बुधवार पर टिकी है।
Published on:
02 Jan 2024 08:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
