
Video: हर्षोल्लास के साथ मनाया होली का त्यौहार
पोकरण. अन्याय पर न्याय तथा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रंगो का त्यौहार होली पोकरण कस्बे सहित आसपास के गांवों में हर्षोल्लास व परंपरागत रूप से मनाया गया। रविवार की शाम लोगों ने जगह-जगह अपने गली मोहल्लों में परंपरानुसार होली का दहन तथा सोमवार को धुलंडी के मौके पर परंपरानुसार गेरें निकालकर एक दूसरे पर रंग, अबीर, गुलाल डालकर होली की शुभकामनाएं दी। होली का दहन रविवार शाम सात बजे किया गया। कस्बे के गांधी चौक स्थित मुख्य होली का परंपरा के अनुसार पोकरण ठिकाणे के पूर्व जागिरदारों की ओर से किया जाता है। जिसमें जोगिरदारों के कुंवर किशनसिंह चंपावत ने आचार्य पंडित मोतीलाल दाधीच के सानिध्य में विधि विधान व मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया व होलिका दहन किया। इसके पश्चात् कस्बे के विभिन्न मोहल्लों व समाजों के गवाड़ों में स्थित होली दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर लोगों ने चंग व ढोल की थाप पर होली के भजन गाकर खुशी का इजहार किया। सोमवार को धुलंडी के मौके पर परंपरानुसार विभिन्न समाजों ने अपने समाज व मोहल्लों में गेरें निकाल कर एक दूसरे पर रंग डालकर खुशी का इजहार किया तथा एक दूसरे को होली के त्यौहार पर बधाई व शुभकामनाएं दी व भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के लिए कामना की। सोमवार को सुबह से ही मोहल्लों में छोटे बच्चों व युवकों की टोलियां हाथों में पिचकारी व रंग लेकर निकल पड़ी तथा दोपहर तक होली का हुड़दंग जारी रहा। लोगों ने एक दूसरे पर रंग डालकर होली का जमकर आनंद लिया। दिनभर कस्बे के बाजार बंद रहे तथा लोगों ने एक दूसरे को घर-घर जाकर व गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दी।
पुलिस ने मनाई होली
होली के मौके पर मंगलवार को पुलिस की ओर से होली मनाई गई। रविवार व सोमवार को होली की ड्यूटी देने के बाद मंगलवार को पुलिसकर्मियों ने पुलिस थाने में जमकर खुशी मनाई। पुलिस उपाधीक्षक अरविंदकुमार, थानाधिकारी माणकराम विश्रोई ने सभी को होली की बधाई दी। इस मौके पर सहायक उपनिरीक्षक खेतसिंह भाटी, धन्नाराम विश्रोई सहित जवानों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली मनाई। पुलिस थाने के चौक में डीजे की धुन पर जवानों ने नृत्य किया।
आसकंद्रा. गांव सहित आसपास क्षेत्र में बुराई पर अच्छाई का त्यौहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रविवार शाम गली मोहल्लों व गांव के मुख्य चौक में होलिका का दहन किया गया। सोमवार को सुबह से ही युवाओं की टोलियां घरों से होली खेलने के लिए निकल पड़े। युवाओं ने एक दूसरे को रंग व गुलाल लगाकर होली की बधाई दी तथा खुशियां मनाई।
नोख. गांव सहित आसपास क्षेत्र में रंगों का त्यौहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रविवार शाम गांव के राउमावि के मैदान, गोंगासर कुंए के पास व कुम्हारों के बास में होलिका दहन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने फाग गाकर व चंग बजाकर होली के त्यौहार का लुत्फ उठाया। सोमवार को सुबह ही युवाओं व ग्रामीणों की टोलियां घरों से निकल पड़ी तथा दोपहर तक जमकर होली खेली। एक दूसरे को रंग व गुलाल लगाकर लोगों ने एक दूसरे को होली के त्यौहार की बधाई दी। दोपहर बाद ग्रामीणों ने एक दूूसरे के घर जाकर रामा-श्यामा का पर्व मनाया और होली की शुभकामनाएं दी।
Published on:
30 Mar 2021 10:31 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
