6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

टंकियों के निर्माण पर बिजली का अवैध कनेक्शन!

- सोशल मीडिया पर वायरल हुए फोटो, तो ठेकेदार ले भागा ट्रांसफार्मर व तारें

2 min read
Google source verification
टंकियों के निर्माण पर बिजली का अवैध कनेक्शन!

टंकियों के निर्माण पर बिजली का अवैध कनेक्शन!


नोख. क्षेत्र में लगने वाले बड़े सोलर प्लांट में जलापूर्ति के लिए बड़ी टंकियों का निर्माण करवाया जा रहा है, लेकिन इस निर्माण कार्य पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने की सूचनाएं मिल रही है। गुरुवार को इस संबंध में सोशल मीडिया पर कुछ फोटो व वीडियो भी वायरल हुए। जिसके बाद ठेकेदार ने ट्रांसफार्मर व तारें समेटकर एक गाड़ी में डाल दी और मौके से गायब कर दी। इस संबंध में डिस्कॉम की ओर से अब जांच शुरू की गई है। गौरतलब है कि गांव से ठाकरबा जाने वाली विद्युत लाइन से लम्बे समय से अवैध रूप से ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली चोरी करने की चर्चाएं गुरुवार को होने लगी। जब सोशल मीडिया पर इस संबंध में फोटो व वीडियो वायरल हुए, तो मीडियाकर्मी व कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। यहां जानकारी मिली कि नोख में 925 मेगावाट के सोलर प्लांट में जलापूर्ति के लिए जलदाय विभाग की ओर से नोख-ठाकरबा मार्ग पर ठेकेदार के माध्यम से बड़ी टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य पर बिजली आपूर्ति केे लिए 11 केवी विद्युत लाइनों से एक तार खींची गई तथा सिंगल फेस के पांच किलोवाट का एक छोटा ट्रांसफार्मर झाडिय़ों में छुपाकर लगाया गया। इस ट्रांसफार्मर से विद्युत तारें रेत में दबाकर निर्माण स्थल तक पहुंचाई गई।
गाड़ी में डालकर गायब कर दिया सामान
मीडियाकर्मियों व ग्रामीणों के पहुंचने पर ठेकेदार की ओर से ट्रांसफार्मर व विद्युत तारों सहित अन्य सामान तत्काल समेटकर एक गाड़ी में डाल दिया गया और मौके से गायब कर दिया गया। शाम के समय डिस्कॉम के कार्मिक व पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा।
लगा दी हजारों रुपए की चपत
सूत्रों व ग्रामीणों के अनुसार बिजली चोरी का यह खेल लम्बे समय से चल रहा था। इस संबंध में कई बार चर्चाएं उड़ी, लेकिन किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को जब सोशल मीडिया पर फोटो व वीडियो वायरल हुए, तो हर कोई हैरान रह गया कि किस प्रकार अवैध रूप से बिजली चोरी की जा रही है। टंकियों का निर्माण कार्य भी लम्बे समय से चल रहा था। ऐसे में बिजली चोरी कर डिस्कॉम को हजारों रुपए की चपत लगाई गई। जबकि डिस्कॉमकार्मिकों को भनक तक नहीं लगी, या यूं कहे कि जानकारी होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
दर्ज करवाया जाएगा मामला
इस संबंध में जानकारी मिली हैै। सूचना पर तत्काल नोख पुलिस को अवगत करवाया गया। बिजली चोरी को लेकर मामला दर्ज करवाया जाएगा।
- अंतराज मीणा, अधिशासी अभियंता डिस्कॉम, पोकरण।