
Patrika news
जलापूर्ति व विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के दिए निर्देश
जैसलमेर. जिला मुख्यालय से 60 कि.मी. दूरी स्थित ग्राम पंचायत मुख्यालय अड़बाला के अटल सेवा केंद्र में शुक्रवार को रात्रि चौपाल आयोजित की गई।
इस दौरान जिला कलक्टर जोरवाल ने ग्रामीणाजनों से पानी, बिजली, चिकित्सा सेवाओं व शिक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। चौपाल के दौरान पीने के पानी और बिजली की समस्याओं के संबंध परिवेदनाएं प्रस्तुत की गई। इस दौरान कलक्टर जोरवाल ने समस्याओं के निराकरण को लेकर जलदाय एवं विद्युत विभाग के अभियंताओं को मौके पर ही सख्त निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने गर्मी के मौसम में पेयजल की विकट समस्या को देखते हुए जलदाय विभाग को दुर्गम गांवों व ढांणियों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल परिवहन करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने स्वास्थ्य ठीक रखने के लिए प्रतिदिन योगाभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने आगामी अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 21 जून को भी अधिकाधिक योग करने की अपील की। चौपाल के दौरान जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने कहा कि चौपाल आयोजन करने का मूल उद्वेष्य एक जगह कई विभागीय अधिकारी रह कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने बताया कि ग्राम शौभ के वाशिंदों द्वारा विद्युत कनेक्शन लेने के लिए प्रस्तुत 100 रुपए के स्टाम्प पेपर व पत्रावली पूर्ण रुप से तैयार करवा कर सहायक अभियंता विद्युत विभाग फतेहगढ़ को आवश्यक कार्यवाही हेतु पेश करने को कहा। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों के क्रियाकलापों से अवगत कराया। अड़बाला चौपाल का संचलन उप निदेषक, जिला सांख्यिकी एवं आर्थिक डॉ. बी.एल. मीना ने किया।
दी जा रही विधिक जानकारियां
पोकरण. ताल्लुका विधिक सेवा समिति की ओर से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में वैन के माध्यम से विधिक जानकारियां दी गई। पैनल अधिवक्ता नवलकिशोर छंगाणी ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व स्थानीय ताल्लुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष के निर्देशानुसार गत तीन दिनों से गांवों में जाकर वैन के माध्यम से विधिक जानकारियां दी जा रही है। उन्होंने केलावा, नानणियाई, चौक, मोडरडी, खींवसिंह की ढाणी, मुल्तानसिंह की ढाणी, गोमट, रामदेवरा, सादा, राठौड़ा, कस्बे के रेलवे स्टेशन, व्यास सर्किल, बस स्टैण्ड, सदर बाजार में जाकर विधिक सेवा योजनाओं का प्रचार प्रसार किया तथा विधिक सेवा कानूनों के बारे में जानकारी देते हुए पेंफलेट वितरित किए।
Published on:
17 Jun 2018, 10:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.