
एमआइ ने युवक के सोशल मीडिया एकाउंट को खंगाला
जैसलमेर. पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के लिए जासूसी करने के संदेह के आधार पर पकड़े गए युवक से आर्मी इंटेलीजेंस एमआइ की ओर से व्यापक पूछताछ की गई है। इस बीच जानकारी मिली है कि एमआइ की तरफ से युवक के मोबाइल में दर्ज पाकिस्तान सहित अन्य देशों के मोबाइल नंबर्स के अलावा युवक के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के बारे में पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। युवक को पूछताछ के बाद पुलिस को सौंपे जाने की जानकारियां भी सामने आ रही है। हालांकि इस बारे में पुलिस सहित सभी सुरक्षा एजेंसियां आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं बोल रही है। गौरतलब है कि संदिग्ध युवक को एमआइ ने जैसलमेर के सैन्य स्टेशन के टीएसपी गेट नं. 1 के पास से शनिवार रात पकड़ा था। उस पर संदेह है कि वह सामरिक जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा है। बताया जाता है कि वह युवक सैन्य स्टेशन में कैंटीन संचालित करता हैए इस वजह से उसका वहां आना.जाना रहा है।
जेआइसी आज संभव
इस बीच जानकारी सामने आई है कि एमआइ ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया है और उससे सोमवार को विभिन्न एजेंसियां संयुक्त पूछताछ करेंगी। अब तक उसके मोबाइल में मिले विदेशी नम्बर्स तथा फेसबुक मैसेंजर के बारे में जांच किए जाने की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि संयुक्त पूछताछ होने पर युवक से और जानकारियां एजेंसियों को मिलेंगी।
हनी ट्रैप की भी संभावना
इस बीच यह संभावना भी सामने आई है कि युवक भाया खां को आइएसआइ ने हनी ट्रैप के जाल में फंसाया गया हो। गौरतलब है कि सीमावर्ती जैसलमेर जिले में पहले भी हनी ट्रैप के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले भी जिले में एक व्यक्ति को एजेंसियों ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया था। जिले में आइएसआइ हनी ट्रैप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसा कर उनसे भारत की सामरिक और गोपनीय सूचनाएं हासिल करने का प्रयास करती रही है।
Updated on:
28 Jun 2021 12:32 pm
Published on:
28 Jun 2021 12:32 pm
