6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video: उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में मंत्री व अधिकारियों ने सुने ग्रामीणों के अभियोग

- मंत्री ने समन्वयक स्थापित कर प्रत्येक ग्रामीण की समस्या के निराकरण के लिए किया निर्देशित

2 min read
Google source verification
उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में मंत्री व अधिकारियों ने सुने ग्रामीणों के अभियोग

उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में मंत्री व अधिकारियों ने सुने ग्रामीणों के अभियोग

पोकरण. कस्बे के पंचायत समिति सांकड़ा सभागार में शुक्रवार को उपखंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग के मंत्री शाले मोहम्मद, उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई, विकास अधिकारी गौतम चौधरी के साथ उपस्थित अधिकारियों ने यहां आए ग्रामीणों के अभाव अभियोग सुने तथा समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण यहां पहुंचे। विशेष रूप से ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु करने, जल जीवन मिशन के तहत वंचित ढाणियों को जोडऩे, भीषण गर्मी के दौरान ग्रामीणों को शुद्ध व मीठा पानी उपलब्ध करवाने की मांग की। जिस पर मंत्री ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर पाइपलाइनों की जांच व सफाई करने, अवैध कनेक्शनों को हटाने, अंतिम छोर पर स्थित ढाणियों तक जलापूर्ति सुचारु रखने, नहरबंदी को लेकर पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने, पानी का पर्याप्त स्टोरेज रखने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्रामीणों ने बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, सड़क आदि समस्याओं को लेकर ज्ञापन सुपुर्द किए। जिस पर मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीणों की प्रत्येक समस्या का निराकरण करने, समस्याओं के निराकरण के लिए कर्मचारी की जिम्मेवारी तय करने, समय पर निस्तारण नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने, परिवादी को संतुष्ट करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पंचायत समिति सांकड़ा के प्रधान भगवतसिंह तंवर, पुलिस उपाधीक्षक अरविंदकुमार, जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता पराग स्वामी, ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.लोंग मोहम्मद, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी तौफिक अहमद, मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी प्रवीण मेहत्ता, डिस्कॉम के सहायक अभियंता मनीषकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अब ग्रामीण स्तर पर भी होगा जनसुनवाई का आयोजन
जनसुनवाई के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि दूर दराज ढाणियों में निवास कर रहे प्रत्येक ग्रामीण की समस्या का निस्तारण हो, यही राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए सरकार की ओर से चरणवार जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय, उपखंड स्तरीय के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में कलस्टर बनाकर जनसुनवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 10 ग्राम पंचायतों का एक कलस्टर बनाया जाएगा तथा अधिकारियों की देखरेख में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद चौथे चरण में संभाग स्तर पर जनसुनवाई होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या के निराकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और उसके लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कई विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई तथा उपखंड अधिकारी को अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने व कार्रवाई करने के निर्देश दिए।