6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चिंता की बात नहीं, नियंत्रण में हैं हालात : कलक्टर

- शुरुआती दौर में ही पॉजिटिव कैसेज का लगाया जा रहा पता- जिले के तीनों एंट्री पॉइन्ट्स पर स्क्रीनिंग की व्यवस्था शुरू

2 min read
Google source verification
चिंता की बात नहीं, नियंत्रण में हैं हालात : कलक्टर

चिंता की बात नहीं, नियंत्रण में हैं हालात : कलक्टर

जैसलमेर. सीमावर्ती जैसलमेर जिले में पिछले दिनों के दौरान जिला मुख्यालय सहित अन्य जगहों पर कोरोना पॉजिटिव केसेज में बढ़ोतरी को लेकर आमजन में व्याप्त चिंता को दूर करते हुए जिला कलक्टर आशीष मोदी ने गुरुवार को दावा किया कि हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। लोगों को चिंता करने की कतई जरूरत नहीं है। लोग मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग की पालना सहित जारी एडवाइजरी की पालना करें। मोदी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार शाम आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि ज्यादा से ज्यादा सेम्पल लिए जाने के कारण पॉजिटिव केसेज समय रहते सामने आ रहे हैं। इससे वायरस के फैलाव की संभावना कम होती है। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
किए जा रहे सभी उपाय
जिला कलक्टर ने बताया कि प्रशासन की ओर से कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत जैसलमेर में जोधपुरए बीकानेर और बाड़मेर से आने वाले तीनों मुख्य प्रवेश मार्गों पर नाका व्यवस्था को फिर से शुरू किया गया है तथा बाहर से आने वाले सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव केस के आते ही चिकित्सा विभाग की ओर से संबंधित व्यक्ति के पहली और दूसरी वरीयता के सम्पर्क वालों के सेम्पल लेकर उनकी जांच करवाई जा रही है। इससे कुछ पॉजिटिव भले ही सामने आए लेकिन वायरस के प्रसार की संभावना बहुत कम हो जाती है। उन्होंने बताया कि जिले में पिछले 23 दिनों में 9200 जनों के सेम्पल लिए गए हैं। अब तक जिले में पॉजिटिव का आंकड़ा 0.7 प्रतिशत ही रहा है। जो बहुत कम है। कलक्टर ने कहा कि जिले में कोरोना के कम प्रसार की वजह यहां का विशाल क्षेत्रफल और लोगों की ओर से दिखाई जा रही जागरुकता है।
भयग्रस्त न होएं लोग
जिला कलक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक ने भी कहा कि लोगों को भयग्रस्त होने की बिलकुल जरूरत नहीं है। जैसे ही कोई पॉजिटिव केस आए हड़कम्प न मचाया जाए। चिकित्सा विभाग की टीमें पॉजिटिव सामने आते ही सक्रिय हो जाती है और अपने कर्तव्य को अंजाम दे रही है। जिला कलक्टर ने बताया कि अभी तक पॉजिटिव आए लोग हॉटस्पॉट क्षेत्रों से ट्रेवल कर आए हुए हैं अथवा पॉजिटिव केस के निकटतम सम्पर्क वाले हैं।