जैसलमेर. जिले के चेलक गांव में मंगलवार रात चोरों ने दो किसान परिवारों के घरों को निशाना बनाते हुए करीब सवा करोड़ रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों वारदातों के दौरान परिवार के सदस्य घरों में सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। बुधवार सुबह कमरों का सामान बिखरा और अलमारियों के ताले टूटे मिले, तब वारदात का पता चला। सूचना पर खुहड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का बारीकी से मुआयना किया।सुखपालसिंह के घर से 20 लाख रुपए नकद और करीब 72 लाख रुपए कीमत का 45 तोला सोना चोरी हुआ है। वहीं, हीरसिंह (नीमसिंह) के घर से करीब 10 लाख रुपए कीमत का 7 तोला सोना, 15 लाख रुपए कीमत की चांदी और नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों के अनुसार घर में रखी नकदी जीरा बेचने से मिली थी।