
आमजन लू-तापघात से बचाव के लिए बरतें विशेष सावधानी: डॉ. साहू
जैसलमेर. वर्तमान में बढती हुई गर्मी को देखते हुए आमजन को लू-तापघात से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की ओर से दी र्ग है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुणाल साहू ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की दरकार है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति के शरीर में लवण व पानी अपर्याप्त होने पर गर्म वातावरण में सिर का भारीपन व सिरदर्द, अधिक प्यास लगना, थकावट, जी मचलना, शरीर का तापमान बढऩा, मुंह का लाल हो जाना व त्वचा का सूख जाना आदि लू-तापघात के प्रमुख लक्षणों से प्रभावित हो जाता है। उन्होंने बताया कि लू-तापघात से बचाव के लिए आमजन को तेज गर्मी से बचने के लिए प्रात: 10 बजे से शाम 6 बजे तक छायादार स्थानों पर ही निवास करना चाहिए, तेज धूप में निकलना आवष्यक हो तो ताजा भोजन करके उचित मात्रा में ठंडे जल का सेवन करके ही बाहर निकलना चाहिए। दिन भर थोड़े अंतराल से ठंडे पानी एवं शीतल पेय पदार्थों छाछ, ताजे फलों के रस का सेवन अवश्य करते रहना चाहिए, तेज धूप में बाहर निकलने पर छाते का उपयोग करना चाहिए अथवा कपडे से सिर एवं बदन को ढक कर बाहर जाना चाहिए। डॉ. साहू ने बताया कि लू-तापघात से ग्रसित होने पर तत्काल रोगी को छायादार ठंडे स्थान पर लिटा देना चाहिए, रोगी की त्वचा को गीले कपडे से स्पंज करते रहना चाहिए तथा रोगी के कपडों को ढीले कर देने चाहिए । रोगी को पेय पदार्थो का सेवन कराना चाहिए और गर्मी से अत्यधिक प्रभावित होने पर रोगी को तत्काल चिकित्सा संस्थान पर उपचार के लिए ले जाना चाहिए । उन्होंने आमजन से सजग रहकर लू-तापघात से बचाव के उपाय करने की अपील की है ताकि लू-तापघात से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों पर कार्यरत प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को लू-तापघात से ग्रसित रोगियों के ईलाज की समुचित व्यवस्था आवष्यक रूप से सुनिश्चित करने के लिए निर्देषित किया गया है।
Published on:
27 Apr 2022 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
