6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

टायर फटने से पिकअप पलटी, 27 जने हुए घायल

- एक दर्जन से अधिक गंभीर घायलों को किया जोधपुर रैफर- अस्पताल में मची अफरा-तफरी

2 min read
Google source verification
टायर फटने से पिकअप पलटी, 27 जने हुए घायल

टायर फटने से पिकअप पलटी, 27 जने हुए घायल


पोकरण (जैसलमेर). राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 125 पर क्षेत्र के लवां गांव के पास शनिवार को दोपहर हुई एक सड़क दुर्घटना में 27 जने घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को पोकरण के राजकीय अस्पताल लाया गया। इस दौरान यहां अफरा तफरी मच गई। घायलों से एक दर्जन से अधिक को जोधपुर रैफर किया गया। झालावाड़ जिले से करीब तीन दर्जन श्रद्धालु एक पिकअप गाड़ी में सवार होकर रामदेवरा दर्शनों के लिए आए थे। दर्शनों के बाद पुन: लौटते समय लवां गांव से तीन किमी दूर अचानक गाड़ी का टायर फट गया तथा असंतुलित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार 27 जने घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के ईएमटी मनोज पालीवाल व पायलट मुकेश सैन तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को पोकरण के राजकीय अस्पताल लेकर आए। यहां उनका उपचार किया गया।
10 घायलों को किया रैफर
हादसे में झालावाड़ जिले के खुरचनिया व आसपास गांवों के लोग एक पिकअप में सवार होकर दर्शनों के लिए आए थे। हादसे में सोहदराबाई, सुरेन्द्रसिंह, भैरुलाल, भगवानसिंह, देवीसिंह, पवन, तेजसिंह, मोहनलाल, कचराभाई, तेजूसिंह, मदनलाल, पूजाबाई, जादूबाई, सम्मु, मेम्मु, सोहनबाई, सुरेश, विमला, मंजू, अंकित, गोरधन, पूजा, रागुसिंह, गोविंद, रामूदेवी, मदन व सुरेन घायल हो गए। सभी घायलों का राजकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। इस दौरान गंभीर हालत के कारण भैरुलाल, पवन, रागुसिंह, गोविंद, रामूदेवी, तेजसिंह, मदन, मंजू, भगवानसिंह, सुरेन सहित कुल 15 जनों को तीन 108 एम्बुलेंस से जोधपुर रैफर किया गया है।
अस्पताल में लगी भीड़
हादसे के बाद 108 एम्बुलेंंस व निजी वाहनों से घायलों को पोकरण के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। एक साथ बड़ी संख्या में आए घायलों से अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में अफरा तफरी मच गई। दर्द से कराहते घायलों के साथ अन्य श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों की भीड़ से कक्ष भर गया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों की टीम ने भी घायलों का तत्काल उपचार किया। इस दौरान जगह की कमी के कारण कुछ घायलों को फर्श पर भी लिटाया गया। घायलों को रैफर करने पर स्थानीय लोगों ने मदद के लिए हाथ भी बढ़ाए।
पत्रिका ने चेताया था
रामदेवरा में बाबा रामदेव की समाधि के दर्शनों के लिए प्रतिदिन सैंकड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे है। इनमें से अधिकांश श्रद्धालु मालवाहक वाहनों से अथवा अन्य वाहनों में ओवरलोड होकर यात्रा कर पहुंचते है। इसी को लेकर राजस्थान पत्रिका के 27 अगस्त के अंक में 'ओवरलोड वाहनों का आवागमन जारीÓ शीर्षक से समाचार भी प्रकाशित किया गया तथा हादसे की आशंका से चेताया भी गया था। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से ओवरलोड व मालवाहक वाहनों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।