8 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: आश्वासन पर स्थगित हुआ धरना, तीसरे दिन अनिरुद्ध के शव का पोस्टमार्टम

मोहनगढ़ में पुलिसकर्मी अनिरुद्ध सिंह आत्महत्या मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहा धरना गुरुवार को आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने निष्पक्ष जांच तथा नामजद आरोपियों के खिलाफ जल्द नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद तीसरे दिन शव का पोस्टमार्टम कराया गया और व्यापार मंडल के बाजार बंद के बीच परिजनों को सौंप दिया गया।
2 min read
Google source verification
jaisalmer

मोहनगढ़ में पुलिस थाने के सामने परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता करते पुलिस के अधिकारी

मोहनगढ़ (जैसलमेर). इंदिरा गांधी नहर में कूदकर पुलिसकर्मी अनिरुद्ध सिंह की आत्महत्या के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोहनगढ़ थाने के सामने चल रहा परिजनों और ग्रामीणों का धरना गुरुवार को जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद तीसरे दिन अनिरुद्ध सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

धरने के समर्थन में मोहनगढ़ व्यापार मंडल ने गुरुवार को बाजार बंद रखा। दोपहर बाद बाजार खोल दिया गया। इस दौरान धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे धरना स्थल

धरने की सूचना पर विधायक छोटूसिंह भाटी, पूर्व विधायक रूपाराम धणदे, छुगसिंह सोढ़ा और पूर्व प्रधान मूलाराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि धरना स्थल पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण वीरेंद्र सिंह, एसडीएम वीरेंद्र सिंह, जैसलमेर वृत्ताधिकारी प्रेमदान रतनू तथा नाचना वृत्ताधिकारी किशन सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आश्वासन के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की।

तीसरे दिन हुआ पोस्टमार्टम

पुलिसकर्मी अनिरुद्ध सिंह के शव का तीसरे दिन पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अधिकारियों के आश्वासन पर थाने के सामने चल रहा धरना फिलहाल स्थगित कर दिया। गौरतलब है कि पुलिसकर्मी अनिरुद्ध सिंह ने इंदिरा गांधी नहर में कूदकर जान दे दी थी। घटना से पहले उनके एक वीडियो बनाकर परिजनों को भेजने की बात सामने आई थी। परिजनों के अनुसार वीडियो में उन्होंने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के सामने धरना शुरू किया गया।

पांच थानों का पुलिस जाब्ता तैनात

धरना प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मोहनगढ़, झिनझिनियाली, पीटीएम, सांकड़ा और नाचना थानों से पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। मोहनगढ़ थानाधिकारी गुमान सिंह, पीटीएम थानाधिकारी रमेश ढाका, झिनझिनियाली थानाधिकारी सुमेर सिंह, सांकड़ा थानाधिकारी राणसिंह तथा नाचना थानाधिकारी सुमेरदान के नेतृत्व में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।