जैसलमेर. शहर की राणीसर कच्ची बस्ती में एक मकान के भीतर मादक पदार्थों का कारोबार संचालित होने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने अचानक दबिश देकर मकान से 500 ग्राम अवैध अफीम का दूध और 56 ग्राम सिंथेटिक एमडी ड्रग्स बरामद की। पुलिस टीम को देखते ही एनडीपीएस मामलों में चालानशुदा आरोपी जसाराम विश्नोई छत पर पहुंचा और दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से उसके नाबालिग बेटे को निरुद्ध किया है। शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि पुलिस को आरोपी के ठिकाने पर मादक पदार्थ होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने राणीसर कच्ची बस्ती स्थित मकान पर अचानक दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी को भनक लगी और वह भागने लगा। उसने छत से दीवार फांदी और मौके से निकल गया। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।