एक ही गति से दौड़ रही ट्रेनें, फिर भी किराये में दुगुना अंतर
-ना रफ्तार बदली और ना ही समय सीमा, बदला तो केवल किराया
जैसलमेर. पर्यटन नगरी जैसलमेर से तीन श्रेणियों में ट्रेनोंं साधारण, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट का संचालन किया जा रहा है और तीनों ही श्रेणियों का किराया अलग-अलग है, लेकिन रफ्तार एक समान ही है। ऐसे में यात्रियों को एक ही रफ्तार वाली ट्रेन में बड़े अंतर का किराया चुकाना पड़ रहा है। जानकारों की माने तो जैसलमेर से जोधपुर और बीकानेर तक सभी श्रेणियों की ट्रेनों की रफ्तार एक समान ही है, लेकिन फिर भी किराये में अंतर होने से यात्रियों को दो एक्सप्रेस और सुपरफास्ट का किराया चुकाने के बाद भी साधारण सवारी की रफ्तार से ही यात्रा करना मजबूरी बना हुआ है।
फलोदी के बाद थमती रफ्तार
जानकारों की माने तो बीकानेर और जोधपुर से जैसलमेर आने वाली तीन श्रेणियों की ट्रेनों की रफ्तार फलोदी स्टेशन आने के बाद कम हो जाती है। उनके अनुसार जोधपुर से फलोदी की दूरी करीब 135 किमी है, वहीं बीकानेर से यह दूरी करीब 160 किमी है। दोनों ओर से आने वाली ट्रेने करीब ढाई से पौने तीन घंटे में फलोदी पहुंचती है, लेकिन फलोदी से आगे जैसलमेर पहुंचने में ट्रेनों को साढ़े तीन से चार घंटे का समय लग जाता है, वहीं जैसलमेर से वापसी के समय पौने तीन से तीन घंटे में फलोदी पहुंच जाती है।