4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आए दिन लग रहा जाम, जिम्मेदार नहीं कर रहे समाधान

पोकरण कस्बे के राजकीय जिला चिकित्सालय के बाहर मुख्य मार्ग पर लगे वाहनों के जमावड़े के कारण आमजन को परेशानी हो रही है, जबकि जिम्मेदारों की ओर से व्यवस्था सुधारने को लेकर कोई कवायद नहीं की जा रही है।

2 min read
Google source verification
jsm news

पोकरण कस्बे के राजकीय जिला चिकित्सालय के बाहर मुख्य मार्ग पर लगे वाहनों के जमावड़े के कारण आमजन को परेशानी हो रही है, जबकि जिम्मेदारों की ओर से व्यवस्था सुधारने को लेकर कोई कवायद नहीं की जा रही है। राजकीय जिला चिकित्सालय का मुख्य द्वार जोधपुर रोड पर है, लेकिन आपातकालीन कक्ष एको की प्रोल जाने वाले मार्ग पर स्थित मेडिकल मार्केट के सामने है। ऐसे में गंभीर बीमारी के साथ आपातकाल के दौरान मरीजों को इसी द्वार से अस्पताल लाया जाता है। स्थानीय के साथ ही गांवों से आने वाले अधिकांश मरीज भी इसी द्वार से अस्पताल में प्रवेश करते है। मार्ग पर हर समय वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में अस्पताल के द्वार तक पहुंच पाना भी कई बार मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा कस्बे से आने वाले मरीज व परिजन भी इसी मार्ग से आवागमन करते है, जिससे आए दिन यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है और आमजन को परेशानी से रु-ब-रु होना पड़ता है।

एम्बुलेंस का भी पहुंचना मुश्किल

जोधपुर रोड से मेडिकल लाइन की तरफ मुड़़ते ही यहां टैक्सियों व हाथ ठेलों का जमावड़ा रहता है। इसके अलावा रही सही कसर मेडिकल लाइन की सडक़ के किनारे खड़े रहने वाले निजी वाहन, छोटी बसें, मोटरसाइकिलें पूरी कर देते है। ऐसे में 20-25 फीट चौड़ा रास्ता केवल 10 फीट का रह जाता है, जिससे कई बार एम्बुलेंस व मरीजों के वाहन भी यहां फंस जाते है।

आखिर कब होगा समाधान ?

टैक्सियों, हाथ ठेलों व निजी वाहनों के साथ ही दवाई लेने आने वाले लोग मेडिकल स्टोर के आगे अपनी बाइक व अन्य वाहन खड़ा कर देते है। इस दौरान कोई दुर्घटना या गंभीर बीमारी के मरीज को अस्पताल लाने पर आपातकालीन कक्ष में प्रवेश के लिए काफी दिक्कत होती है। इसके साथ ही एम्बुलेंस व अन्य वाहन के खड़ा हो जाने पर यहां जाम लग जाता है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से यहां यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर कोई कवायद नहीं की जा रही है।