रामसरोवर के आगोर में ग्राम पंचायत उड़ेल रही गंदगी!
रामदेवरा. पवित्र रामसरोवर तालाब के आगोर में ग्राम पंचायत कस्बे की गंदगी उडेल रही है। कस्बे की सफाई के बाद जमा कचरा बहाव क्षेत्र में डाला जा रहा है। ऐसे में बारिश के दौरान यह पानी के साथ बहकर तालाब को भी गंदा कर देगी। देशभर से पहुंचने वाले श्रद्धालु इस तालाब में आस्था के साथ स्नान करते हैं, लेकिन तालाब की गंदगी से उनकी भावनाएं आहत हो सकती है।
गांव में प्रतिदिन सफाई के बाद सफाई कर्मचारी मलबा एकत्र कर टै्रक्टर ट्रोली से रामसरोवर तालाब के आगोर में फेंक देते हैं। इससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। कुछ वर्षों से लगातार मलबा सरोवर के पायतन में जमा हो रहा है। इसकी रोकथाम को लेकर समाधि समिति के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सफाई कर्मियों को गंदगी व मलबा गांव से दूर अन्यत्र डालने की मांग की थी। इस पर कुछ समय तक सफाई कर्मिकों ने कचरा गांव से दूर डाला, लेकिन अब फिर तालाब के आगोर में ही डालना शुरू कर दिया है।