7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video: भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ चौकी के पास मृत मिला पक्षी

- पैरों में लगे हुए है टैग, पोस्टमार्टम के बाद दफनाया

2 min read
Google source verification
Video: भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ चौकी के पास मृत मिला पक्षी

Video: भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ चौकी के पास मृत मिला पक्षी

नाचना (जैसलमेर). भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज दो किमी की दूरी पर स्थित सीमा सुरक्षा बल की आरके ढाणी चौकी के पास शुक्रवार की रात्रि जवानों को गश्त के दौरान मृत अवस्था में एक संदिग्ध पक्षी मिला। जिससे एकबारगी जवानों में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि भारत-पाक सीमा पर जगह-जगह सीमा सुरक्षा बल की चौकियां स्थित है। यहां चौबीसों घंटे सीसुब के जवान गश्त करते रहते है। नाचना क्षेत्र में भारत-पाक सीमा से मात्र दो किमी की दूरी पर सीमा सुरक्षा बल की आरके ढाणी चौकी स्थित है। यहां शुक्रवार की रात्रि में सीमा सुरक्षा बल के जवान गश्त कर रहे थे। इस दौरान चौकी से तीन किमी दूरी पर मृत अवस्था में एक पक्षी मिला। नजदीक जाकर गौर से देखा, तो पक्षी के पैरों में टैग लगे हुए थे। जिससे एकबारगी हड़कंप मच गया। जवानों ने पक्षी को अपने कब्जे में लिया। शनिवार को मृत पक्षी को जवान नाचना लेकर आए। यहां पुलिस व वन विभाग को सूचित किया और पुलिस कार्रवाई के बाद वन विभाग को सुपुर्द किया। पुलिस थाना नाचना के उपनिरीक्षक सहीराम विश्रोई ने बताया कि उनकी ओर से पक्षी की जांच की गई है। यह पक्षी साइबेरियन है और स्थानीय भाषा में इसे तिलोर कहा जाता है। जांच व टैग निकालने के बाद पशु चिकित्सक से पक्षी का पोस्टमार्टम करवाया गया है। इसके बाद उसे वन विभाग की ओर से दफना दिया गया।
पूर्व में भी मिल चुके है संदिग्ध पक्षी
भारत-पाक सीमा पूरी तरह से अतिसंवेदनशील क्षेत्र है। सीमा क्षेत्र में भारत की तरफ स्थित गांवों, ढाणियों व सीमा सुरक्षा बल की चौकियों पर आए दिन ऐसे टैग लगे पक्षी नजर आते है। जवानों की मुस्तैदी के कारण इन पक्षियों को पकड़ लिया जाता है। गत दो माह पूर्व भी जैसलमेर से लगती भारत-पाक सीमा पर ऐसे तिलोर पक्षी को पकड़ा गया था, जो जीवित होने के कारण उन्हें वन विभाग की ओर से रेस्क्यु सैंटर में सुरक्षित रखा गया है। विगत एक वर्ष में भारत-पाक सीमा से लगते जैसलमेर सरहदी क्षेत्र में चार तिलोर पक्षी मिल चुके है।