6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ग्रामीण बोले, हमारी समस्याओं का तत्परता से हो निपटारा

- चेंजमेकर अभियान 3.0 के तहत वेबिनार्स आयोजित

2 min read
Google source verification
ग्रामीण बोले, हमारी समस्याओं का तत्परता से हो निपटारा

ग्रामीण बोले, हमारी समस्याओं का तत्परता से हो निपटारा

जैसलमेर. स्वच्छ राजनीति की मुहिम के तहत राजस्थान पत्रिका की ओर से चलाए जा रहे चेंजमेकर अभियान 3.0 के तहत रविवार को जैसलमेर जिले की जैसलमेर और फतेहगढ़ पंचायत समितियों में वेबिनारों का आयोजन किया गया। इसमें शामिल ग्रामीणों ने जोर देकर कहा कि उनके क्षेत्र में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। प्रत्येक चुनाव में उम्मीदवार बड़े-बड़े वायदे करते है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया जाता। ग्रामीणों को बिजली, पानी, सड़क के साथ साफ-सफाई और शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्थाओं के दुरुस्त होने का इंतजार इतने सालों बाद भी बना हुआ है।
जैसलमेर समिति के अमरसागर निवासी मेघराज परिहार ने कहा कि जिला मुख्यालय से महज पांच किलोमीटर दूरी पर होने बावजूद गांव में बालिकाओं के लिए विद्यालय नहीं होने के चलते बच्चियां माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर की पढ़ाई नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा गांव में आज भी मीठे पानी की आपूर्ति सपना बनी हुई है। इस संबंध में मौजूदा और पूर्व जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। धऊवा पंचायत के मुंदरड़ी गांव निवासी लतीफखां ने गांव में उच्च प्राथमिक स्तर का विद्यालय शुरू करवाने, टूटी सड़क की मरम्मत, 24 घंटे विद्युत आपूर्ति, नई पानी की टंकी तथा विद्यालय भवन की मरम्मत करवाने की मांगें रखी। इसी समिति के काहला निवासी योगेश गज्जा ने गांव में पंचायत भवन बनवाने, काहला से लौद्रवा तक सड़क निर्माण करवाकर पर्यटन को बढ़ावा दिलाने, पुरातन स्थलों के रखरखाव तथा अवैध खनन से काहला को छुटकारा दिलाने पर जोर दिया। किसनघाट के कल्याणाराम माली, छत्रेल के सत्तार खां, बडोड़ा गांव के सुरेंद्रसिंह भाटी, अमरसागर के घनश्याम सोलंकी ने भी जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की जरूरत पर जोर दिया।
नवसृजित फतेहगढ़ पंचायत समिति के ग्रामीणों ने भी बिजली, सड़क, पानी आदि बुनियादी सुविधाओं की सहजता से उपलब्धता की आवश्यकता जताई। बीसुकला के पदमसिंह राजपुरोहित, लोरडीसर के मोतीलाल, देवीकोट के राकेशकुमार विश्नोई, छोडिय़ा के नारायणदास और सांधुवा के सुरेंद्रसिंह ने अपने गांवों में चिकित्सा व्यवस्था के सुधार, आवागमन के साधनों में बढ़ोतरी, सरकारी योजनाओं का जरूरतमंदों को लाभ दिलाने जैसी अपेक्षाएं भविष्य के जनप्रतिनिधियों से की है। इन ग्रामीणों ने कहा कि नई पंचायत समिति बन जाने से उन्हें उम्मीद है कि फतेहगढ़ क्षेत्र विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा।