24 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: युवा सभापति विजय डांगरा ने सम्भाली नगरपरिषद की कमान

नगरपरिषद के नवनिर्वाचित युवा सभापति विजय डांगरा ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर नई जिम्मेदारी संभाली। परिषद कार्यालय में आयोजित समारोह के बाद आयुक्त पवन कुमार ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया, इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहरवासी मौजूद रहे।
2 min read
Google source verification
jaisalmer nagar parishad

जैसलमेर. सभापति का पदभार सम्भालने के बाद भाजपा नेताओं के साथ विजय डांगरा।

जैसलमेर. जैसलमेर नगरपरिषद के नवनिर्वाचित युवा सभापति विजय डांगरा ने गुरुवार को परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह के बाद कार्यालय कक्ष में पहुंच कर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। परिषद आयुक्त पवन कुमार ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। इससे पहले परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक छोटूङ्क्षसह भाटी, जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे सहित नवनिर्वाचित पार्षद, बड़ी संख्या में भाजपा नेता, डांगरा के परिवारजन और शहरवासी उपस्थित थे। पदभार संभालने के बाद विजय डांगरा ने अपनी मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक आए।

जन आकांक्षाओं को पूरा करेगा नया बोर्ड

आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के बाद अब नगरपरिषद के रूप में विकास का तीसरा इंजन भी जुड़ गया है। नया बोर्ड पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जन-आकांक्षाओं के अनुरूप काम करेगा। उन्होंने कहा कि जैसलमेर की पहचान पूरी दुनिया में है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जैसलमेर के विकास के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। सडक़, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से मजबूत किया जाएगा।

ऑनलाइन व्यवस्था लागू करेंगे

पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति विजय डांगरा ने कहा कि जैसलमेर की जनता ने उन्हें जो प्यार, विश्वास और सहयोग दिया है, उसके लिए वे आभारी रहेंगे। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने नगरपरिषद के कामकाज में पारदर्शिता और सुगमता लाने के लिए जल्द ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की बात कही। इसके जरिए शहरवासी अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। नए सभापति ने कहा कि शहर की मूलभूत जरूरतों के साथ पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छता, सुंदरता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।