
Salman Khan-Lawrence Bishnoi
Rajasthan : बॉलीवुड के दबंग सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले एक शख्स को तीन राज्यों के दखल के बाद आखिर पकड़ा जा सका है। उसने दो दिन पहले एक्टर को मारने की धमकी दी थी और कहा था कि या तो पांच करोड़ रुपए दो, नहीं तो बिश्नोई समाज के मंदिर में आकर माफी मांगो। मुंबई पुलिस की यातायात शाखा को ये मैसेज किया गया था। उसके बाद पुलिस ने कर्नाटक से उसे अरेस्ट कर लिया है। वह लोहे की जालियां बनाने का काम करता है और मूल रूप से राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर कस्बे का रहने वाला है।
सबसे बड़ी बात ये है कि गिरफ्तार किया गया भीखाराम भी बिश्नोई समाज से है और वह सांचौर के जाखल गांव का रहने वाला है। वह एक महीने पहले ही कर्नाटक काम करने के लिए गया था। वहां से ही उसने मुंबई पुलिस को सलमान को मारने का मैसेज भेजा था। उसने कहा था कि वह लॉरेंस का भाई है और बदला देगा। लेकिन जांच में सामने आया कि वह लॉरेंस का भाई नहीं है और लॉरेंस के परिवार से दूर-दूर तक उसका कोई कनेक्शन नहीं है। उसने सुर्खियां बटोरने के लिए ये सब किया और अब पुलिस की कैद में है।
उल्लेखनीय है कि सलमान के खास दोस्त बाबा और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से ही सलमान को भी लॉरेंस के नाम से लगातार धमकियां मिल रहीं हैं। लॉरेंस फिलहाल गुजरात जेल में बंद है और उसने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ले ली है। उधर लगातार धमकियों के बाद सलमान और उनके पिता के भी कुछ बयान सामने आए हैं। इन धमकियों के बीच अब सलमान और उनके पिता सलीम की सुरक्षा भी बढ़ाई जा चुकी है। साथ ही दोनों ने विदेश से आधुनिक सुरक्षा से लैस दो विदेशी कारें भी खरीदीं हैं।
Updated on:
7 Nov 2024, 11:01 AM IST
Published on:
7 Nov 2024, 11:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.