
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कारें। फोटो- पत्रिका
आहोर। आहोर-तखतगढ़ नेशनल हाईवे-325 पर बुधवार दोपहर सरहद बेदाना के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में दो जनों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार तखतगढ़ से आहोर की ओर आ रही एक कार और सामने से आ रही दूसरी कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय एक कार में चालक सहित 8 लोग सवार थे, जबकि दूसरी कार में चालक सहित 5 लोग सफर कर रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बस्तीमल (56 वर्ष) पुत्र फूलचंद रावल निवासी रामसीन और श्यामलाल (65 वर्ष) पुत्र हेमराज रावल निवासी उम्मेदाबाद के रूप में हुई है।
हादसे में अन्य 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें 4 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को तखतगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर सुमेरपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कराया। मृतकों के शवों को तखतगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही धानसा गांव में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई थी। अरविंद घर से महज आधा किलोमीटर दूर ही पहुंचा था कि सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
Published on:
29 Apr 2026 08:41 pm
