जालोर. त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है।स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष जंाच अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है।इसके तहत सात दिनों में ही १४ दुकानें जांची जा चुकी है।इन दुकानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैम्पल लिए गए। उधर, जांच अभियान के कारण मिलावट करने वालों में हड़कम्प मचा हुआ है।जिस जगह टीम की कार्रवाई होती है आसपास के अन्य प्रतिष्ठान धड़ाधड़ बंद होते रहे।
दूध से लेकर बिस्कुट तक जांच
विशेष जांच अभियान के तहत लगभग सभी खाद्य पदार्थों के सैम्पल लिए जा चुके हैं।इसमें दूध से लेकर बिस्कुट तक शामिल है।डेयरी पार्लर, मिठाई की दुकान, किराणा दुकान, मिर्च-मसाला की दुकानों पर भी कार्रवाई की गई है। इससे आटा, पनीर , मावा, मिठाई, मसाला आदि के भी सैम्पल लिए गए हैं।
ताकि सेहत से खिलवाड़ न हो
माना जा रहा है कि त्योहारी सीजन में केवल मिठाई ही नहीं अन्य चीजों की भी धूम बिक्री होती है। मुनाफा कमाने के चक्कर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ से भी नहीं चूक रहे। कम समय में ही ज्यादा माल खप जाने के कारण सीजन में मिलावटखोर चांदी काटते हैं। ऐसे में सभी प्रकार के खाद्य पदार्थ जांचे जा रहे हैं।
इन जगहों पर हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि १४ फरवरी को बाकरा रोड में प्रवीण लालचंद माहेश्वरी की दुकान से दूध, पदमसिंह भंवरसिंह की दुकान से मावा मिठाई, 15 को मोदरान में बाबूलाल कोलाराम की दुकान से पनीर, पुरुषोत्तम नंदलाल की दुकान से आटा, भागली जालोर में अशोककुमार हनुमानप्रसाद की दुकान से कुकिंग मीडियम, बागोड़ा में मोहनसिंह रेवंतसिंह की दुकान से कलाकंद, गुलाबसिंह हड़मतसिंह की दुकान से बिस्कुट, 17 को सांचौर में नरसीराम चतराराम की दुकान से मिर्च पाउडर, वाहिद हुसैन हाजी मुबारक की दुकान से दूध, 18 को भागली में हरलाल गोविंदराम की दुकान से आटा, तुलसीराम नानगराम की दुकान से धनिया पाउडर, 19 को आहोर में गणपतलाल मिश्रीलाल प्रजापत की दुकान से कलाकंद, 20 फरवरी को करड़ा-रानीवाड़ा में झबरसिंह राणसिंह की दुकान से बूंदी के लडडू व हीराराम केसाजी की दुकान से घी के सैम्पल लिए।
मिलावट पर अंकुश लगेगा...
विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच से मिलावटखोरी पर अंकुश लगेगा।विशेष जांच अभियान के तहत अलग-अलग गांवों व कस्बों में कार्रवाई की जा रही है। अभियान होली तक संचालित रहेगा।
-गजेंद्रकुमार सिंघल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जालोर