(पत्रिका ब्यूरो,श्रीनगर): उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में एक लापता नाबालिग की अधजली लाश मिलने से गुस्साए लोगों ने एक पुलिसकर्मी को बंधक बना लिया। अपने साथी को छुड़ाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें तीन लोग जख्मी हो गए। बंधक बनाए गए पुलिसकर्मी को छुड़ा तो लिया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर है। फिलहाल, वह अस्पताल में उपचाराधीन है। इस बीच, कुपवाड़ा में नाबालिग की हत्या के खिलाफ हड़ताल से सामान्य जनजीवन लगभग ठप रहा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शिक्षण संस्थानों को भी बंद कर दिया है।