सुरक्षाबलों को किलूरा में आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना मिली थी। उन्होंने घेराबंदी की। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलाबारी शुरू कर दी। जबावी कार्रवाई में पांच आतंकी मारे गए। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने कहा की शोपियां के किलूरा में मुठभेड़ स्थल पर पांच आतंकियों के शव मिले हैं। डीजीपी ने बताया, 'हमारे पास जानकारी थी कि आतंकियों का एक समूह शोपियां के किलोरा गांव में है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। मुठभेड़ में एक आतंकी कल रात (शुक्रवार) मारा गया था। आज (शनिवार) फायरिंग दोबारा शुरू की गई और 4 आतंकवादियों के शव और बरामद हुए । अब ऑपरेशन खत्म हो गया है।' सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां और उत्तरी कश्मीर के सोपोर में दो मुठभेड़ में तीन आतंकियों को मार गिराया था । पिछले तीन दिनों में तीन मुठभेड़ में 8 आतंकी मारे गए हैं ।