
खिसोरा के जंगल में युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी, हत्या की आशंका
पहरिया- बलौदा. खिसोरा के जंगल में शनिवार की शाम 6 बजे अंगारखार निवासी जगदीश रात्रे की संदिग्ध स्थिति में लाश मिली है। युवक के शरीर में चोट के निशान होने से हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद युवक की मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
बलौदा पुलिस को शनिवार की शाम छह बजे मुखबिर ने सूचना दी कि खिसोरा के इमली पेड़ के जंगल में सड़क किनारे एक युवक की संदिग्ध स्थिति में लाश पड़ी हुई है। बलौदा टीआई अमित शुक्ला मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया। टीआई अमित शुक्ला का कहना है कि युवक के शरीर में चोट के निशान जरूर है पर उन स्थानों में चोट नहीं जहां लोग हत्या की नीयत से वारदात को अंजाम देते हैं। इसलिए हत्या की आशंका नहीं है। फिलहाल मर्ग कायम किया है। टीआई ने बताया कि अंगारखार निवासी जगदीश रात्रे शुक्रवार की शाम को अपने घर से निकला था। शनिवार की शाम उसका शव खिसोरा के पास मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
26 May 2019 12:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
