
जांजगीर-चांपा. माह भर पहले कचंदा की महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिजन शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही दफना दिया था। इस आशय की सूचना पुलिस को मिलने पर पुलिस ने तहसीलदार के निर्देशन में पहले शव को खुदवाकर कब्र से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सनसनीखेज मामला शिवरीनारायण थानांतर्गत ग्राम कचंदा का है।
गांव में बुधवार की सुबह तब सनसनी फैल गई जब तहसीलदार व पुलिस अफसर लाव लस्कर के साथ शिवरीनारायण थानांतर्गत ग्राम कचंदा पहुंच गए। ग्रामीण यह सोचने मजबूर हो गए थे कि आखिरकार प्रशासनिक अमला यहां आया क्यों। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम सीधे गांव के बाहर श्मशान घाट की ओर पहुंच गई।
मौके पर गांव के कोटवार को बुलाया और उसके माध्यम से माह भर पहले सड़क दुर्घटना में मृत शैल बाई साहू के परिजनों को श्मशान घाट बुलाया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ श्मशान घाट में उमड़ पड़ी। गांव के लोग यह समझ नहीं पा रहे थे कि आखिरकार यह सब क्यों हो रहा है। तहसीलदार के निर्देशन में शैल बाई का शव कब्र से बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया।
पोस्टमार्टम कराकर शव को फिर परिजनों को सौंप दिया है। इस दौरान श्मशान घाट में सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। लोग शव को देख रहे थे, लेकिन मौके पर असहनीय बदबू से परेशान थे। कोई नाक में रुमाल लेकर खड़ा था तो कोई गमछे से अपनी नाक को बांधा था। वहीं पुलिस व प्रशासनिक अफसर भी अपने नाक को बंद कर किसी तरह प्रशासनिक कार्रवाई को पूरा कराया। गांव में पहली बार ऐसी घटना देखकर सन्न रह गए।
यह था मामला
बताया जा रहा है कि कचंदा निवासी शौल बाई (42) माह भर पहले अपने मायके मेहदा गई थी। उसका भाई बाइक से उसे छोडऩे कचंदा जा रहा था। इसी दौरान उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। महिला को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया। महिला की सिम्स में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए अपने घर लेकर आ गए और शव को दफना दिया। बुधवार को मामले की डायरी सिम्स से शिवरीनारायण थाना पहुंची। शिवरीनारायण थानेदार ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए एसडीएम से अनुमति ली। अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकाला गया।
Published on:
22 Mar 2018, 9:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.