बुधवार की सुबह अचानक डभरा में निकली रैली ने सबका ध्यान आकृष्ट किया। रैली के बारे में जानने पर पता चला कि छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी द्वारा घोषित चंद्रपुर विधानसभा के प्रत्याशी से रूष्ट हैं और उस पर दुव्र्यवहार करने का आरोप लगाते हुए पार्टी से त्यागपत्र देने की घोषणा करने लगे। डभरा के आरएलसी स्कूल प्रांगण से प्रारंभ हुए रैली में सैकड़ों की तादाद में लोग शामिल थे। रैली में शामिल लोग पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के सक्ती जिलाध्यक्ष के पक्ष में नारे लगाते हुए चल रहे थे। रैली तहसील कार्यालय के पास पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। रैली का नेतृत्व कर रहे पार्टी के पदाधिकारी सुनील चंद्रा ने मंच से छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस पार्टी छोडऩे की घोषणा की। उसके साथ उपस्थित सैकड़ों लोगों ने हुंकार भरते हुए पार्टी के जिम्मेदारों पर दुव्र्यवहार करने के साथ नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। गौरतलब है कि जोगी कांग्रेस द्वारा चंद्रपुर विधानसभा के लिए करीब तीन माह पहले ही गीतांजलि पटेल को प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है।
पटेल पर गुटबाजी का आरोप
सभा स्थल पहुंचे पत्रकारों से जोगी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने चर्चा करते हुए बताया कि पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी गीतांजलि पटेल कार्यकर्ताओं के बीच गुटबाजी को बढ़ावा दे रही है। सुनील चंद्रा ने पटेल पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वे और उनके साथी विगत छह माह से पटेल के साथ कदम से कदम मिलाकर उनको विजयी बनाने हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनके बीच फूट डालने का प्रयास किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। इसकी शिकायत पार्टी फोरम में की गई, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होने से पार्टी छोडऩे का निर्णय लेना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय सभी कार्यकर्ताओं का है। करीब ५७-५८ गांव के लगभग २ हजार कार्यकर्ताओं का यह निर्णय है कि कार्यकर्ताओं की संख्या दो माह में ५ हजार तक पहुंचानी है और सब मिलकर आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।
छजकां की रैली आज
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे द्वारा सरकार पर सभी मोर्चे पर विफलता का आरोप लगाते हुए गुरूवार ७ जून को दोपहर २ बजे रेलवे स्टेशन नैला से रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। रैली में विधायक अमित जोगी, ऋचा जोगी सहित पार्टी के पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी के जिलाध्यक्ष इब्राहिम मेमन ने बताया कि इसी दिन शाम को ५.३० बजे पार्टी के जिला कार्यालय का शुभारंभ, जिला कार्यकारणी की घोषणा तथा रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया है।
नहीं पड़ता कोई फर्क
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा उपेक्षा व दुव्र्यवहार के आरोप पर चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी गीतांजलि पटेल का कहना रहा कि दो-चार लोगों के चले जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। पटेल ने युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सुनील चंद्रा पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा कुछ छिपी मांगों को पूरा करने दबाव बनाया जा रहा था, जो मुनासिब नहीं था। इसके चलते कुछ लोगों को साथ लेकर और उनको बरगलाते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं। उनके साथ डभरा की रैली में शामिल ज्यादातर लोगों को सही बात का पता ही नहीं है कि वह क्यों पार्टी छोडऩे की बात कह रहा है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को सही बात की जानकारी दी जाएगी और उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को समझाएंगे
डभरा की रैली के संबंध में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इब्राहीम मेमन ने बताया कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें समझाइश दी जाएगी और उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं को गुरूवार की रैली में शामिल होने जांजगीर बुलाया गया है, जहां विधायक अमित जोगी भी पहुंचेंगे और उनसे मुलाकात उनका पक्ष जानेंगे। वहीं इस्तीफे के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अभी तक किसी का इस्तीफा नहीं मिला है। सोशल मीडिया के माध्यम से तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई है। कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है।