
रोजगार सहायक की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत
जांजगीर-अकलतरा. कलेक्टोरेट कार्यालय के सभा कक्ष में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में एक युवती ने कलेक्टर से शिकायत मनरेगा के तहत हाल ही में हुए रोजगार सहायक की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत किया। शिकायकर्ता सुषमा अकलतरा थाना अंतर्गत किरारी गांव की निवासी है और उसने बताया कि वह खुद इस भर्ती में अभ्यर्थी थी।
अभ्यर्थी ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग महानदी भवन नया रायपुर द्वारा दिए गए निर्देशानुसार महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम रोजगार सहायक के संविदा पदों की भर्ती होनी थी। इसके तहत ग्राम पंचायत किरारी में भी एक अनुसूचित जाति महिला के लिए पद रिक्त था।
इस भर्ती प्रक्रिया में किरारी के रोजगार सहायक पद के लिए 2 अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन किया गया था। भर्ती कमेटी के अधिकारियों द्वारा दोनों आवेदनों को स्वीकार कर अपात्र घोषित कर दिया गया और उनके स्थान पर दूसरे ग्राम करहीडीह, बुचीहरदी के ऐसे अभ्यर्थी का चयन किया गया है
जिसका ग्राम पंचायत किरारी में आवेदन ही प्रस्तुत नहीं किया गया है। इस तरह गलत तरीके से दूसरे अभ्यर्थी को लाभ देते हुए भर्ती कमेटी द्वारा गलत ढंग से अभ्यर्थी का चयन किया गया है। आवेदिका ने कलेक्टर नीरज बनसोड़ से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया की गंभीरता के साथ जांच कराई जाए साथ ही अपात्र अभ्यर्थी को गलत ढंग से चयन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।
क्यों दब जाती हैं फाइलों में शिकायतें
जिले की हालत यह हो गई है कि आए दिन शासकीय अधिकारियों द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बड़ी-बड़ी गड़बड़ी कर दी जाती है, लेकिन उनकी शिकायतें चाहे व जनदर्शन के माध्यम से हो या फिर खुद आला अधिकारी के सामने पेश होकर की जाए फाइलों में दब कर रहा जाती है।
ऐसी दर्जनों शिकायतें है जिनकी आज तक न तो जांच हुई और न संबंधित अधिकारियों के ऊपर कोई कार्रवाई हुई। हालांकि लोगों को नए कलेक्टर से काफी उम्मीदें और उनकी कार्यशैली के देखकर उनकी उम्मीद और बढ़ चुकी है।
Published on:
27 Jun 2018, 5:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.