
Rajasthan Crime News: झालावाड़ जिले के सारोला कलां थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में खाळ की पुलिया पर कार से आ रहे एक युवक की ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। इससे पहले युवक की कार को एक अन्य गाड़ी से टक्कर मारी। इसके बाद नीचे उतार कर युवक पर हमला किया। गंभीर घायल युवक को झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सारोला एसएचओ विजेंद्र सिंह ने बताया कि भीलखेड़ा निवासी हाल मुकाम सारोला सत्यनारायण उर्फ सत्तू (22) पुत्र देवीलाल गुर्जर शुक्रवार देर रात झालावाड़ से सारोला आ रहा था। उसी समय गाडरवाड़ा नूरजी मार्ग पर खाळ की पुलिया पर देवरिया गांव के समीप उसकी कार रोक अन्य कार से आए लोगों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसकी अस्पताल में मौत हो गई।
इस मामले में धनजी गुर्जर, मोनू गुर्जर, सोनू गुर्जर, रवि गौतम, सुनील सुमन निवासी सारोला व तारज व चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। करीब एक साल पहले आरोपियों से मृतक की किसी बात को लेकर सामान्य कहासुनी हुई थी। उसके बाद से रंजिश चल रही थी। आरोपी पक्ष झालावाड़ से ही उनका पीछा भी कर रहा था।
झालावाड़ अस्पताल में मृतक के दोस्त सुरेंद्र गुर्जर ने बताया कि मृतक सत्तू गुर्जर उसका बचपन का दोस्त था। सारोला में दोनों पार्टनरशिप में बाइक सर्विस की दुकान चलाते हैं। कुछ समय पहले वह स्वयं (सुरेंद्र) एक केस में झालावाड़ जेल में बंद था। शुक्रवार देर शाम को ही वह जमानत पर बाहर आने पर सत्तू कार लेकर अपने 3 अन्य साथियों के साथ झालावाड़ जेल आया था। यहां से करीब 8 बजे अपने गांव के लिए रवाना हुए थे। इसी बीच भतवासी से गाडरवाड़ा के बीच से जाते समय आरोपी पक्ष करीब एक दर्जन लोग गंडासी, लट्ठ तलवार लेकर आए और कार को रोककर मारपीट की। इस दौरान कुछ साथियों ने भागकर जान बचाई। इस दौरान 2 अन्य को भी चोट लगी हैं। गभीर घायल सत्तू को झालावाड़ लेकर पहुंचे, यहां भर्ती करवाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
हमले के दौरान कार में विश्वजीत शर्मा निवासी सारोला, शिवराज माली, प्रमोद गुर्जर समेत सुरेंद्र भी सवार थे। हमले में विश्वजीत उर्फ विशु व प्रमोद को भी चोटें आई है। हमलावरों में शामिल दो जनों से आपसी रंजिश होने के चलते सत्तू गुर्जर की हत्या की गई।
पुलिस ने पर्चा बयानों के आधार पर हमलवारों के विरुद्ध मामला दर्ज कर गिरतारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने टीम गठित अनुसंधान शुरू कर दिया।
Updated on:
18 Aug 2024, 2:22 PM IST
Published on:
18 Aug 2024, 2:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.