
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क/नवलगढ़(झुंझुनूं). पत्नी को साथ नहीं भेजने से गुस्साए पति ने अपनी 15 महीने की बेटी को दीवार पर इतनी जोर से पटका कि मासूम बच्ची की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कैलाश मेघवाल को हिरासत में ले लिया। घटना के समय कैलाश की पत्नी कविता कहीं गई हुई थी। आरोपी फर्नीचर का काम करता है। परिवार में कलह के कारण कविता अपनी ननिहाल में बेटी के साथ आई हुई थी।
करीब दस दिन पहले ननिहाल आई थी पत्नी
उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुरा निवासी कैलाश मेघवाल की पत्नी कविता का पीहर परसरामपुरा गांव में है। करीब 10 दिन पूर्व गणगौर पर वह अपने ननिहाल कैरू गांव आई हुई थी। कविता को लेने रविवार को उसका पति कैलाश अपने दो साथियों के साथ बाइक से कैरू गांव पहुंचा। कैलाश ने पत्नी कविता के ननिहाल वालों को उसे साथ भेजने के लिए कहा। कविता के मामा विजयपाल व नाना ने भेजने से मना कर दिया। इससे गुस्साए कैलाश ने कविता की नानी दुर्गा देवी की गोद में खेल रही अपनी 15 महीने की मासूम बेटी ओजस्वी को छीन कर उसे दीवार पर पटक दिया। परिजन ओजस्वी को नवलगढ़ के राजकीय अस्पताल लेकर आए। चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
Published on:
27 Mar 2023, 10:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.