
राजस्थान के झुंझुनूं में धरने पर बैठे गुस्साए ग्रामीण। पत्रिका फोटो
Rajasthan : उदयपुरवाटी (झुंझुनूं). राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुए भीषण हादसे में आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। इन गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे की सूचना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख प्रकट किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान के झुंझुनूं में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। साथ ही जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000-50,000 रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में करंट लगने से हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति!
Updated on:
2 Nov 2026, 4:02 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 3:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.