scriptझुंझुनूं में दो साधुओं की हत्या : 15 लाख रुपए और गाड़ी ले गए बदमाश, जानें पूरा मामला | Murder of two sadhus in Jhunjhunu: Criminals took away 15 lakh rupees and a car | Patrika News
झुंझुनू

झुंझुनूं में दो साधुओं की हत्या : 15 लाख रुपए और गाड़ी ले गए बदमाश, जानें पूरा मामला

Rajasthan News : दिल्ली-झुंझुनूं सड़क किनारे नावता गांव में जाने वाले कच्चे रास्ते पर मिले दो शवों की शिनाख्त बगड़ निवासी गौतम सिंह शेखावत (45) व हरियाणा के हिसार जिला के हांसी तहसील के सोरखी गांव निवासी साधु विशिष्ठ गिरी (40) के रूप में हुई। जानें पूरा मामला

झुंझुनूJun 03, 2024 / 11:52 am

Omprakash Dhaka

jhunjhunu crime news

बुहाना। सरकारी अस्पताल में मृतकों के परिजन एवं पुलिस और मृतक गौतमसिंह शेखावत – वि​शिष्ठ ​गिरी महाराज

Jhunjhunu News : दिल्ली-झुंझुनूं सड़क किनारे नावता गांव में जाने वाले कच्चे रास्ते पर मिले दो शवों की शिनाख्त बगड़ निवासी गौतम सिंह शेखावत (45) व हरियाणा के हिसार जिला के हांसी तहसील के सोरखी गांव निवासी साधु विशिष्ठ गिरी (40) के रूप में हुई। साधु विशिष्ठ गिरी अपनी कार से अपने सेवादार बगड़ के गौतमसिंह शेखावत के साथ सिंघाना क्षेत्र के भोदन के बल्लागिरी आश्रम में आए थे। जहां पर रुपए के लेन-देन या अन्य किसी कारणों से विशिष्ठ गिरी महाराज के साथ कहासुनी के बाद भोदन आश्रम के महंत व साध्वी समेत अन्य ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट करते हुए उनके सेवादार गौतम ने उन्हें देख लिया। इसके बाद दोनों की हत्या कर दी गई। जहर गिरी आश्रम में रहने वाले विशिष्ट गिरी का सिंघाना क्षेत्र के भोदन गांव के आश्रम में आना जाना था। हत्या के बाद शवों को कार में डालकर नावता गांव की ढाणी पर कच्चे रास्ते के पास डालकर चले गए।
पुलिस को भोदन गांव के आश्रम के चौबारे में खून के धब्बे भी मिले हैं। पुलिस साधू-साध्वी के पीछे लगी हुई है। जल्द ही हत्या में और कौन-कौन शामिल है और हत्या करने की असली वजह क्या रही, इसका खुलासा करेगी। रविवार को दोनों के शवों का बुहाना के सरकारी अस्पताल में मेडिकल टीम गठित कर पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंप दिए गए। दोनों के शव नावता की ढाणी के ईंट-भट्टा के पास खेत में पड़े मिले थे। ईंट-भट्टा संचालक अंकुर की रिपोर्ट पर पुलिस से अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करके जांच थाना प्रभारी राजपाल सिंह को सौंप दी है।

साधु से मारपीट करते गौतम ने देख लिया था

पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात को कुछ लोग आश्रम में आए और विशिष्ट गिरी महाराज के साथ मारपीट करने लगे। जब मारपीट करते समय सेवादार गौतम ने उनको देख लिया तो सेवादार गौतम के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। बेरहमी से मारपीट के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार भोदन के बल्लागिरी आश्रम में खून के छींटे भी साफ दिखाई दे रहे है। पुलिस ने आश्रम का मौका मुआयना किया है। मारपीट करने वाले लोग उन्हें गाड़ी में डालकर हरियाणा सीमा के पास पचेरी कलां थाना क्षेत्र के नावता में पहुंचे, जहां उन्होंने खेतों से ईंट बनाने के लिए निकाली गई मिट्टी के गड्ढों में दोनों के शव डालकर फरार हो गए। इसमें आश्रम में महंत व साध्वी भी शक के दायरे में है। पुलिस ने भोदन के आश्रम में जाकर जांच की है। जिसमें अहम सुराग हाथ लगे हैं।

नकदी और गाड़ी गायब

विशिष्ठ गिरी महाराज के पास 15 लाख रुपए और एक गाड़ी होने की बात सामने आई है, जो गायब है। नावता के पास खेतों में शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलावा हरियाणा के गोद बलाहा, भांखरी सहित अन्य जगह में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगलाकर जानकारी जुटाई।

गौतम के एक बेटा व एक बेटी

बगड़ के वार्ड नंबर नौ शेखावत कॉलोनी निवासी मृतक गौतमसिंह शेखावत पुत्र भागीरथसिंह भाग्य का दो साल से वशिष्ट गिरी के पास आना जाना था। पिछले दो माह से लगातार आश्रम में ही रुक कर संत की सेवा में लगा हुआ था। संत ने हाल ही में एक कार भी खरीदी थी और कार में रुपए भी थे। गौतमसिंह के एक 15 वर्ष का बेटा व एक 11 वर्ष की बेटी है।

पुलिस को दिखी संदिग्ध कार

पुलिस को एक संदिग्ध कार भी नजर आई जो राजस्थान सीमा में घुसने के कुछ समय बाद ही वापस हरियाणा की ओर चली गई थी। पुलिस की ओर से संदिग्ध का का पता लगाने व वारदात का खुलासा करने के लिए पांच टीमों का गठन कर रवाना किया गया है। थानाधिकारी कैलाश चन्द यादव ने बताया कि भिवानी आश्रम के मृतक मंहत विशिष्ठ गिरी महाराज का भोदन के आश्रम में आना जाना रहता था तथा विशिष्ट गिरी भोदन आश्रम में कई बार यहीं रहता था। आश्रम में बने एक चौबारे में खून के छींटे मिले हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि यहां पर मारपीट हुई है। झुंझुनूं की एसएफएल व मोबाइल टीम में आश्रम से साक्ष्य जुटाए हैं। भोदन आश्रम में मंहत व साध्वी रहती थी। लखनदास के पास एक साध्वी भी रहती थी। लखनदास के पास एक बाइक थी जो पड़ौसी के यहां छोड़ कर चले गए। बाइक को सिंघाना पुलिस ने जब्त किया है।

हरियाणा पहुंची पुलिस

विशिष्ठ गिरी की हत्या की तह तक जाने के लिए पुलिस की एक टीम ने रविवार को हरियाणा के भिवानी में पहुंच कर जानकारी एकत्र की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विशिष्ट गिरी भिवानी आश्रम से साध-संगत में जाने की बात कह कर निकले थे। उन्हें धार्मिक आयोजन के लिए रोहतक एवं दिल्ली जाना था।

पोस्टमार्टम के लिए लंबा इंतजार

रविवार को मृतक के परिजनों को सुबह साढे दस बजे से दोपहर एक बजे तक स्वीपर के आने का इंतजार करना पड़ा। दोपहर एक बजे सिंघाना अस्पताल से विक्रम स्वीपर के आने के बाद पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी की गई। शवों का पोस्टमार्टम करने के लिए डॉ. दीपचंद, डॉ. हुक्म सिंह एवं डॉ. अरविन्द कुमार के नेतृत्व में किया गया।

इनका ये कहना

हरियाणा के भिवानी के दादरी पुल के पास जहर गिरी आश्रम बना हुआ है। विशिष्ट गिरी इसी आश्रम पर पिछले बीस साल से रह रहे थे। वह मेरे गुरु भाई थे। मैं नारनौल के पास पटीकरा गांव में आश्रम में रहता हूं। हमारे गुरु शंकर गिरी थे। वे हिसार जिला के सोरखी गांव के रहने वाले थे। उनकी हत्या कैसे और क्यों हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन से मांग करते है।
-संध्या गिरी, पटीकरा आश्रम
पुलिस ने जांच के लिए अलग-अलग टीम गठित की है। टीमें तत्परता से काम कर रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। प्रारंभिक जांच में संभव: हत्या के पीछे दूसरे आश्रम का हाथ होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा करेगी।
– नोपाराम, डीएसपी एवं जांच टीम प्रभारी, बुहाना

मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों के पकड़े जाने व कार बरामदगी के बाद ही पता चल सकेगा। हत्या क्यों की गई। साधु के पास कार थी, जो गायब है। मृतकों के पास पैसा था या नहीं अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। पुलिस आरोपियों के नजदीक पहुंच गई है।
– राजर्षि राज वर्मा, एसपी झुंझुनूं

मुझे इस बारे में आज ही जानकारी लगी है। विशिष्ट महाराज की हत्या की गई है। इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हैं। पुलिस से उम्मीद है जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।

Hindi News/ Jhunjhunu / झुंझुनूं में दो साधुओं की हत्या : 15 लाख रुपए और गाड़ी ले गए बदमाश, जानें पूरा मामला

ट्रेंडिंग वीडियो