
फोटो पत्रिका
झुंझुनूं। जिले के प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में रविवार को आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अफसरों को जमकर फटकारा। उन्होंने पत्रिका में प्रकाशित खबर को दिखाते हुए जिले के वन क्षेत्रों में हरे पेड़ों की कटाई और तस्करी पर वन विभाग व पुलिस के अधिकारियों कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि मिलीभगत से हरी लकडि़यों की तस्करी हो रही है। रेंजर ट्रैप हो रहे हैं, अवैध खनन हो रहा है, बिल्कुल ही बेशर्म हो गए हो क्या। बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत भी मौजूद रहे। उन्होंने भी अधिकारियों को कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि सिस्टम को करप्शन फ्री करो, वरना कार्रवाई तय है। घूसखोरी, दलाली और जनहित में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने पर सीधा निलंबन और चार्जशीट दी जाएगी। नारी की पहाड़ियों में अवैध खनन पर सिर्फ नोटिस देने की जगह आपराधिक जिम्मेदारी तय करने को कहा।
डीटीओ कार्यालय से सभी एजेंटों को बाहर करने और घूसखोरी में लिप्त अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। काजड़ा ग्राम पंचायत में ग्रामीणों से वसूली गई राशि के मामले में एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए। सीईओ से जवाब मांगा। वहीं, जिले में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र समेत अन्य सरकारी जर्जर भवनों को सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित मुद्दे छाए रहे। उन्होंने पत्रिका में प्रकाशित खबरों को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाकर मुद्दों पर विभिन्न विभागों की ओर से किए समाधान के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
राजस्थान पत्रिका में स्कूल में पढ़ने आता है एक बच्चा, पढ़ाने के लिए लगा रखे हैं छह शिक्षक शीर्षक से प्रकाशित समाचार पर अफसरों को आडे हाथों लेते हुए जवाब मांगा। उन्होंने पूछा, यहां शिक्षकों पर इतनी मेहरबानी का कारण क्या है? इस खबर को छपे हुए इतना समय हो गया, आपने कार्रवाई क्यों नहीं की? इसका जवाब दो।
Updated on:
28 Jul 2025 03:02 pm
Published on:
28 Jul 2025 03:02 pm
