
झुंझुनू।
राजस्थान के झुंझुंनू में नाबालिग के अपहरण मामले में दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस थाने पर पथराव किया और जमकर तोडफ़ोड़ की। ग्रामीणों के इस पथराव में थानाधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। ग्रामीणों के घेराव से घायल हुए थानाधिकारी अशोक चौधरी, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर और हैड कांस्टेबल नरेश मीणा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दावा किया कि हालात पर काबू पा लिया गया है लेकिन एहतियात के तौर पर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसी बीच ग्रामीणों ने राजमार्ग पर डेरा डाल दिया है जिसके कारण आवागमन बाधित हो गया है।
पुलिस के अनुसार गुढागौडजी थाना क्षेत्र में गत सप्ताह एक समुदाय विशेष की नाबालिग लडकी के अपहरण करने के संबंध में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले को लेकर पीडि़ता के परिजनों ने सोमवार को पुलिस उच्चाधिकारियों से भी बात की थी लेकिन नाबालिग का पता नहीं लगने और नामजद दोषियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं होने के खिलाफ ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह थाने पर प्रदर्शन और घेराव किया।
पुलिस के अनुसार मौके की नजाकता को देखते हुए थानाधिकारी अशोक चौधरी ने ग्रामीणों को समझाईश कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने थाने पर पथराव कर दिया और वहां रखी पुलिस की गाडी के कांच तोड़ दिए।
ग्रामीणों द्वारा अचानक की गई इस कार्यवाही से पुलिसकर्मी अचंभित रह गए। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर ग्रामीणों को वहां से हटाया। इसके बाद ग्रामीण वहां से हटकर राजमार्ग 37 पर डेरा डालकर बैठ गये है और सडक मार्ग को जाम कर दिया।
Updated on:
14 Aug 2018, 3:38 PM IST
Published on:
14 Aug 2018, 3:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.