
जेईएन दीपिका को गिरफ्तार कर ले जाते हुए एसीबी की टीम (पत्रिका फोटो)
चिड़ावा (झुंझुनूं): एसीबी की टीम ने सोमवार को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) चिड़ावा की कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) दीपिका को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जेईएन ने कुतुबपुरा में कृषि कनेक्शन की विद्युत लाइन शिफ्ट करने की एवज में परिवादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में 15 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।
परिवादी चिड़ावा भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विकास स्वामी ने एसीबी चौकी झुंझुनूं में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके परिचित संदीप पुत्र मदन सिंह के कृषि कनेक्शन की विद्युत लाइन शिफ्ट करने के लिए जेईएन दीपिका रिश्वत मांग रही हैं। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद एसीबी टीम ने सोमवार को ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। परिवादी को रिश्वत की राशि देकर चिड़ावा स्थित बिजली विभाग के खेतड़ी रोड कार्यालय भेजा गया। शाम करीब चार बजे परिवादी ने जेईएन दीपिका को 15 हजार रुपए दिए। जेईएन ने रिश्वत की राशि लेकर उसे अपनी टेबल पर रख दिया। इसी दौरान एसीबी टीम के पहुंचने पर उसने रुपए टेबल की दराज में रख दिए। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर जेईएन को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रैप की कार्रवाई पूरी होने के बाद जब एसीबी टीम जेईएन दीपिका को अपने साथ ले जाने लगी तो उसने टीम से कहा कि उसे गाड़ी में बैठाकर नहीं ले जाएं, उसके बच्चे छोटे हैं। जेईएन दीपिका खिरोड़ गांव की रहने वाली हैं, जबकि उनका ससुराल नागौर जिले में है।
एसीबी के अनुसार, सत्यापन के बाद सोमवार को एसआई सुरेश चंद और उनकी टीम ने चिड़ावा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में कार्रवाई की। इस दौरान जेईएन दीपिका को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। रिश्वत की रकम उनकी ऑफिस टेबल की दराज से बरामद की गई।
एसीबी ने बताया कि बिजली विभाग की जेईएन को पूछताछ के लिए चिड़ावा थाने ले जाया गया है। यहां उनसे रिश्वत के मामले में पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि चिड़ावा में कुछ माह पहले एवीवीएनएल के तत्कालीन सहायक अभियंता आजाद सिंह और सहायक प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह को भी 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।
Updated on:
05 Oct 2026 09:26 pm
Published on:
05 Oct 2026 09:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
