
जोधपुर . यहां राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में बुधवार से सेना भर्ती रैली शुरू हुई। पहले दिन बांसवाड़ा, डूंगरपुर, जैसलमेर , जालोर और प्रतापगढ़ के करीब 4800 अभ्यर्थी भाग लेने पहुंचे। दौड़ सहित विभिन्न शारीरिक मापदण्डों के बाद कुछ अभ्यर्थियों को अंतिम दौर के लिए चयनित किया गया है। गुरुवार को बाड़मेर और उदयपुर के अभ्यर्थियों की रैली होगी। सेना भर्ती रैली 13 अप्रेल तक चलेगी।
भर्ती रैली सेना में सैनिक जीडी, क्लर्क/एसकेटी, तकनीशियन, नर्सिंग असिस्टेंट और ट्रेडमैन कैटेगरी में भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। बीती रात ढाई बजे से एयरफोर्स क्षेत्र स्थित महाविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। महाविद्यालयों के बाहर अभ्यर्थी लाइनों में व्यवस्थित हुए। उन्हें एक-एक के बैच में 1600 मीटर दौड़ करवाई गई। इसके बाद अन्य गतिविधियां हुई। भर्ती रैली की पूरी प्रक्रिया कम्प्यूटराइज्ड थी। गुरुवार को बाड़मेर व उदयपुर जिलों के अभ्यर्थी रैली में भाग लेंगे। छह अप्रेल को बालेसर, शेरगढ़, फलोदी व पीपाड़ सिटी के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। सात अप्रेल को जोधपुर की बावड़ी, बिलाड़ा, भोपालगढ़, ओसियां तहसील और आठ अप्रेल को बाप, जोधपुर, लोहावट, लूणी और तिंवरी तहसील के अभ्यर्थियों की रैली आयोजित की जाएगी। नौ अप्रेल को पाली व सिरोही के साथ प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थियों को रैली में शामिल किया जाएगा। दस से लेकर १३ अप्रेल तक केवल मेडिकल परीक्षण होगा। वैसे मेडिकल परीक्षण गुरुवार से शुरू हो रहा है।
ट्रेनों व बसों में भीड़
सेना भर्ती रैली में बुधवार को करीब पांच हजार अभ्यर्थी आए। गुरुवार को छह हजार अभ्यर्थियों के आने की संभावना है। अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के चलते रातानाडा से लेकर एयरफोर्स क्षेत्र तक पुलिस व प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैण्ड पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ की वजह से कई बसें खचाखच भर के निकली। ट्रेनों में भी भीड़ रही।