
नाबालिग छात्रा से बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आसाराम को इलाज के लिए बुधवार को पुलिस हिरासत में विमान से पुणे के पास आयुर्वेदिक अस्पताल ले जाया गया। उसे दो जनवरी को जोधपुर जेल लौटना होगा। आसाराम को हार्ट की तकलीफ बताई जाती है।
उसका आयुर्वेद पद्धति से इलाज करवाने के लिए अधिवक्ता ने गत दिनों हाईकोर्ट में आकस्मिक पैरोल के लिए आवेदन किया था। इसके तहत आसाराम को 15 दिन इलाज और दो दिन यात्रा के लिए आकस्मिक पैरोल स्वीकृत किया गया था।
पुलिस लाइन से एक-एक उप निरीक्षक व हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल के रूप में चालानी गार्ड मिलने पर आसाराम को बुधवार दोपहर पुलिस सुरक्षा में एम्बुलेंस से जोधपुर एयरपोर्ट ले जाया गया। इस दौरान निजी डॉक्टर भी साथ थे।
एयरपोर्ट पहुंचने पर डॉक्टर ने आसाराम के स्वास्थ्य की सम्पूर्ण जांच की। तत्पश्चात व्हील चेयर से आसाराम को एयरपोर्ट के अंदर ले जाया गया, जहां से वह मुम्बई जाने वाले विमान से रवाना हुआ। मुम्बई से उसे आयुर्वेदिक अस्पताल ले जाया जाएगा।
आसाराम को अगस्त में भी तीस दिन की पैरोल पर आयुर्वेदिक अस्पताल ले जाया गया था। अब 15 दिन इलाज व दो दिन यात्रा के लिए आकस्मिक पैरोल पर जाने की अनुमति मिली है। इलाज के बाद उसे दो जनवरी को जोधपुर जेल में लौटना होगा।
जेल से एम्बुलेंस में आसाराम को बाहर लाने से पहले अनेक समर्थक भी मौजूद रहे। उन्हें एयरपोर्ट ले जाया गया तो समर्थक वहां भी पहुंच गए। वे एयरपोर्ट के मुख्य गेट से अंदर तक आ गए। आसाराम को अंदर ले जाने तक वहीं रहे। बाद में उन्हें बाहर निकाला गया।
Updated on:
19 Dec 2024, 8:54 AM IST
Published on:
19 Dec 2024, 8:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.