
car ablaze, fire in jodhpur, theft in jodhpur, purse loot, murder in jodhpur, Swine Flu death, crime news of jodhpur, jodhpur news
कारें जलने का कारण पता नहीं
जोधपुर . पूरा शहर जहां न्यू ईयर के जश्न के मगन था, वहीं दूसरी ओर सोमवार तड़के महामंदिर थाना क्षेत्र के जाटावास मानसागर में एक बाड़े में रखी छह कारें अज्ञात कारणों से आग लगने के कारण जल गई। पुलिस, दमकल व लोगों ने आग पर काबू पाया। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। महामंदिर थानाधिकारी सीताराम खोजा के अनुसार जाटावास मानसागर के महेशकुमार के बाड़े में लोग कारें पार्र्किंग के लिए रखते हैं। तड़के करीब चार बजे अज्ञात कारणों से एक कार में आग लग गई। आग वहां खड़ी छह कारों में फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल मौके पर पहुंचीं। आसपास के लोग आग के धुएं से जाग गए। मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लोकेश पारीक ने इस सम्बन्ध में पुलिस में रिपोर्ट दी है।
एक घंटे पहले सलामत थी कारें
पुलिस का कहना है कि घटना से करीब एक घंटे पहले एक दूध वाला उधर से गुजरा। उसने बताया कि उस समय बाड़े में एेसी कोई घटना नहीं हुई। सभी कारें सलामत थीं। बाद में वहां मौजूद एक पेट्रोल कार में आग लगी, इसके बाद आग बाकी सभी कारों में फैल गई। संदेह यह भी जताया जा रहा है कि समाजकंटकों ने किसी एक कार में आग लगाई, इसके बाद आग बाकी कारों में फैल गई।
----------
फैक्ट्री से जनरेटर चोरी का राज खुला, तीन जने गिरफ्तार
कुड़ी में गत दिनों एक फैक्ट्री से तीन लाख रुपए का जनरेटर चोरी करने का रहस्य सोमवार को खुल गया। पुलिस ने इस प्रकरण में तीन जनों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो जने डिस्कॉम ठेकाकर्मी हैं। उन्होंने चोरी के लिए डिस्कॉम में ठेके पर लगी पिकअप जीप ही काम में ली। पुलिस ने जनरेटर बरामद कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी आनंदसिंह के अनुसार गत २६ दिसम्बर को कुड़ी स्थित एक फैक्ट्री से जनरेटर चोरी हो गया था। फैक्ट्री मालिक कन्हैयालाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस ने जाणियों की ढाणी रामड़ावास पीपाड़ शहर निवासी विक्रम पुत्र हनुमानराम जाणी, सतलाना लूणी निवासी प्रकाश पुत्र कालूराम मेघवाल व बिलाड़ा रावर ढाणी निवासी राकेश पुत्र भभूतराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। उन्होंने वारदात कुबूल कर ली।
दिन में डिस्कॉम का काम, रात में चोरी
पुलिस का कहना है कि आरोपी राकेश ने अपनी पिकअप जीप डिस्कॉम में ठेके पर लगा रखी है। वह और उसका साथी प्रकाश डिस्कॉम में ठेके पर काम करते हैं। दिन में डिस्कॉम का काम करते और रात में चोरी की। चोरी में प्रयुक्त जीप भी बरामद की जाएगी। एक अन्य साथी विक्रम को लालच देकर वारदात में साथ लिया। तीनों को न्यायालय ने चार दिन के लिए रिमाण्ड पर भेज दिया। अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
---------
बाइक से गिराकर पर्स लूटने का प्रयास
शहर के सरदारपुरा क्षेत्र में सोमवार रात को मोटसाइकिल सवार लुटेरों ने बाइक सवार दम्पती से पर्स लूटने का प्रयास किया। बाइक सवार दम्पती नीचे गिर गए, इससे उनको चोटें आई। लुटेरे मौके से फरार हो गए। सरदारपुरा थाना पुलिस के अनुसार पांचवीं रोड निवासी पैफ खान, उसकी पत्नी व बच्चा बाइक पर जा रहे थे। सरदारपुरा बी रोड पर एक हैण्डलूम के पास पीछे से तेज गति में बाइक पर आए लुटेरों ने बाइक सवार दम्पती को नीचे गिराकर महिला के हाथ से पर्स छीनने का प्रयास किया। इस छीना झप्पट्टी में दम्पती नीचे गिर गए। उन्होंने पर्स नहीं छोड़ा। बाइक सवार लुटेरे फरार हो गए। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। चोटिल दम्पती का अस्पताल में उपचार करवाया गया। देर रात तक पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी।
---------
हत्या के राजफाश की मांग को लेकर ज्ञापन
बाबू पहलवान की हत्या का राजफाश करने की मांग को लेकर सोमवार को वैष्णव समाज के लोगों ने डीसीपी को ज्ञापन सौंपा। समाज के महामंत्री अशोक कुबावत ने बताया कि गत दिनों समाज के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल वैष्णव उर्फ पहलवान की हत्या कर दी गई। वारदात के इतने दिन बाद भी पुलिस हत्या का राजफाश नहीं कर सकी। इससे पुलिस के प्रति समाज में रोष है। उन्होंने समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर जोधपुर बंद की चेतावनी दी।
----------
पांच और मरीजों को स्वाइन फ्लू
जोधपुर में स्वाइन फ्लू मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब से सोमवार को पांच और मरीजों की रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिला। जोधपुर में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रोगियों की संख्या 158 हो चुकी है। अब तक 28 रोगियों की मौत हो चुकी है। दो संदिग्ध मरीजों की मौत भी हुई है। उनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
Published on:
2 Jan 2018, 12:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.