Chennai Policeman, Policeman killed, police encounter, jodhpur police commisionerate, crime news of jodhpur, jodhpur news
जोधपुर . चेन्नई स्थित ज्वैलरी शोरूम से तीन किलो सोना चोरी करने के मुख्य आरोपी को पकडऩे के लिए पाली के जैतारण कस्बे के समीप करोलिया में चेन्नई पुलिस की दबिश जल्दबाजी में की गई थी। पाली के पुलिस अधीक्षक ने विशेष निर्देश दिए थे कि मुख्य आरोपी को पकडऩे के लिए अकेले न जाएं। स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई की जाएं, लेकिन चेन्नई पुलिस ने स्थानीय उच्चाधिकारी के निर्देश की अनदेखी की थी और बुधवार मध्यरात्रि अपने स्तर पर ही करोलिया गांव में भट्टे पर दबिश दी थी। इस दौरान मुख्य आरोपी व भट्टे मालिक के परिवार ने पुलिस पर हमला कर दिया था। घबराई पुलिस को भागना पड़ा था। तभी चेन्नई पुलिस के एक अन्य निरीक्षक की पिस्तौल से निकली गोली से चेन्नई पुलिस निरीक्षक एस पेरियापांड्यल की मौत हो गई थी।
पुलिस महानिरीक्षक (रेंज) हवा सिंह घुमरिया का कहना है कि चेन्नई में वारदात के बाद आरोपियों की लोकेशन पाली में होने का पता लगा था। चेन्नई पुलिस दल पाली आया था, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बातचीत की। पाली पुलिस ने ही चार आरोपियों को पकड़कर चेन्नई पुलिस को सुपुर्द किए थे। पाली एसपी ने चेन्नई पुलिस को निर्देश दिए थे कि वो कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को साथ लेकर जाएं। आरोपी को पकडऩे के लिए अकेले न जाएं, लेकिन इसके बावजूद वे बगैर सूचना व स्थानीय पुलिस को साथ न लेकर भट्टे पर दबिश देने पहुंच गए थे।
सांचौर में भी बगैर सूचना कार्रवाई का परिणाम थी मुठभेड़
तेलंगाना में व्यापारी से ५.५० करोड़ रुपए लूट के मामले में करनूल थाने की पुलिस गत २७ अक्टूबर को भागलभीम गांव निवासी भीम सिंह को पकडऩे के लिए जालोर के सांचौर पहुंची थी। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना तक नहीं दी थी। पुलिस को देख आरोपी भीम सिंह ने भागने का प्रयास किया था। इस दौरान करनूल थाना पुलिस ने पीछा किया था और दोनों ओर से गोलियां चलाई गईं थी। मुठभेड़ में भीम सिंह की मौत हो गई थी।