
जोधपुर। राज्य सरकार के निर्देश पर आयोजित हो रहे राजीव गांधी शहरी ओलंपिक खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अवलोकन करेंगे। नगर निगम उत्तर एवं दक्षिण के तत्वावधान में राजीव गांधी शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरा दमखम लगाया। राजीव गांधी शहरी ओलंपिक खेलों में रस्साकसी का प्रतियोगिता का फाइनल रविवार को उम्मेद स्टेडियम में खेला जाएगा। मुख्यमंत्री गहलोत रविवार को राजीव गांधी शहरी ओलंपिक का अवलोकन करने आ रहे है, इसको लेकर जिला प्रशासन और नगरनिगम प्रशासन ने पूरी तैयारी की है।
यह रहेगी प्रवेश व्यवस्था
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दौरे के दौरान उम्मेद स्टेडियम में आमजन के प्रवेश के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। उम्मेद स्टेडियम के गेट नंबर 7, 8 और 9 से आमजन उम्मेद स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे, वहीं मीडियाकर्मियों के लिए भी गेट नंबर 7 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार को जोधपुर आएंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रमों की व्यवस्था देखने के लिए कलक्टर सहित जेडीए आयुक्त ने टाउन हॉल की व्यवस्थाओं को जांचा। साथ ही जेडीए की इंजीनियरिंग विंग भी पूरे दिन टाउन हॉल में डेरा जमाकर बैठी रही। दरअसल, एक हफ्ते में मुख्यमंत्री गहलोत की दूसरी विजिट को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कलक्टर हिमांशु गुप्ता, जेडीए आयुक्त देवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी शनिवार को जिला स्तरीय शहरी व ग्रामीण ओलंपिक प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं को देखने के लिए उम्मेद स्टेडियम पहुंचे। उसके बाद दोनों प्रशासनिक अधिकारियों ने टाउन हॉल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। साथ ही उन्होंने राजस्थान संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष बिनाका जैश मालू और मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रमेश बोराणा से टाउन हॉल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा के बारे में ब्यौरा लिया।
Published on:
3 Sep 2023, 10:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.