
Small Scale Industries, laghu udyog, GST, unemployment in india, jodhpur handicraft industry, business news, jodhpur news
जोधपुर . शहर के प्रमुख सूक्ष्म व लघु उद्योगों में शामिल कोरोगेटेड बॉक्स बनाने की इकाइयां बंद होने के कगार पर हैं। कहीं न कहीं, इसकी वजह जीएसटी बताई जा रही है। बॉक्स निर्माताओं की प्रमुख आपूर्ति हैण्डीक्राफ्ट सेक्टर को होती है। निर्यातकों को जीएसटी का रिफण्ड नहीं मिलने के कारण कोरोगेटेड बॉक्स निर्माताओं को समय पर भुगतान नहीं हो रहा है। परिणामस्वरूप, बॉक्स निर्माताओं को संकट से गुजरना पड़ रहा है और पेपर मिलों को भुगतान न होने के कारण उन्हें कच्चा माल भी नहीं मिल रहा है।
मुख्य सप्लाई हैण्डीक्राफ्ट सेक्टर को
इन बॉक्स का मुख्य रूप से हैण्डीक्राफ्ट उत्पादों के एक्सपोर्ट में उपयोग होता है। घरेलू बाजार में उत्पादों की पैकिंग में उपयोग किया जाता है। हैण्डीक्राफ्ट निर्यातकों का जीएसटी रिफण्ड जुलाई से अटका हुआ है, जो करीब ४०० करोड़ है। निर्यातक बॉक्स निर्माताओं का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं और बॉक्स निर्माता क्राफ्ट पेपर नहीं खरीद पा रहे हैं।
क्राफ्ट पेपर के भावों में वृद्धि भी परेशानी
इम्पोर्टेड वेस्ट के दाम बढऩे से कोरोगेटेड बॉक्स बनाने में काम में आने वाले क्राफ्ट पेपर के भावों में वृद्धि भी एक समस्या है। देश की प्रमुख पेपर मिलों ने पेपर की दरों में अनुचित रूप से वृद्धि कर बॉक्स निर्माताओं की कमर तोड़ दी है। हमारे यहां उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड व गुजरात से कागज आता है।
रोजगार का संकट पैदा होगा
निर्यातकों का जीएसटी रिफण्ड नहीं होने का इस उद्योग पर सीधे तौर पर असर देखा जा रहा है। निर्यातकों के भुगतान नहीं करने से बॉक्स निर्माता नया कागज नहीं खरीद पा रहे हैं। परिणामस्वरूप लोगों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो सकता है।
उद्यमियों ने व्यक्त की परेशानी
राजस्थान कोरोगेटेड बॉक्स निर्माता संघ जोधपुर अंचल की बैठक में हाल ही अन्य विषयों के अलावा मुख्य रूप से भुगतान की समस्या को लेकर चर्चा की। बैठक में संघ के अनिल शर्मा, जितेंद्र अग्रवाल, पुनीत कोठारी, जेएस मेहता, अनुपम मेहता, सुधीर डांगी और मोहित जैन आदि ने बताया कि निर्यातकों को जीएसटी का पुनर्भुगतान नहीं हो रहा है, इस वजह से समस्या आ रही है।
ग्राहकों से आग्रह, सरकार से अपील
एसोसिएशन की ओर से ग्राहकों से शीघ्र भुगतान का आग्रह किया गया है, ताकि पेपर सप्लायर्स को समय पर भुगतान किया जा सके व ग्राहकों को समय पर सेवा देकर माल की पूर्ति की जा सके। एसोसिएशन की ओर से सरकार से हैण्डीक्राफ्ट निर्यातकों को जीएसटी का रिफण्ड कराने की अपील की गई है।
अम्बुज जैन, उपाध्यक्ष, राजस्थान कोरोगेटेड बॉक्स इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, जोधपुर
Published on:
11 Jan 2018, 11:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.