
वीडियो जेके भाटी/ एम आई जाहिर जोधपुर. बागों में बहार है, फूलों की कतार है, खुशबू की बयार है, खूबसूरत शृंगार है, गणगौर का त्योहार है और हथेलियों में हिना का दीदार है। इन दिनों लोकतंत्र के त्योहार पर लोकतंत्र की बयार है और चुनाव और सुहागिनों के त्योहार गणगौर के लिए तीजणियों ने इस पर मतदाता जागरूकता के बेहतरीन संदेश लिख कर मेहंदी से हाथ रचे। शहर के अशोक उद्यान में खूबसूरत परंपरागत लिबास में सजी धजी महिलाओं ने इस बार इस तरह से गणगौर त्योहार की खुशी मनाई। इस दौरान मेहंदी के साथ-साथ स्लोगन लिखवा कर वे बहुत खुश हुईं। मतदाता जागरूकता के लिए यह एक अनूठा और खूबसूरत प्रयोग रहा। आप भी जरा देखें :
हथेलियों पर सजे ये संदेश
वोट डालने जाना है
अपना फर्ज निभाना है
—
लोकतंत्र का त्योहार है
वो मतदान का वार है
—
ये है सभी की जिम्मेदारी
वोट डालें सब नर नारी
—
वोट करें वफादारी से
चयन करें समझदारी से
—
लोकतंत्र की यही पहचान
मत मतदाता और मतदान
—
वोट हमारा है अधिकार
करें न इसको बेकार
—
हिना के संग संदेश : तीजणियों के विचार
गणगौर पर शहर के अशोक उद्यान में हथेलियों पर हिना के साथ मतदाता जागरूकता के संदेश लिखवा रहीं खुशी से चहकती कुछ महिलाओं से पत्रिका ने बात की। इस संबंध में मोनिका भंसाली का कहना था कि हम त्योहार पर मेहंदी तो हर बार लगवाते हैं, लेकिन इस बार हमने सोचा कि कुछ लीक से हट कर कुछ नया किया जाए। क्यों कि हम धर्म तो हमेशा निभाते हैं, इस बार कर्म भी निभाने की सोची तो यह नवाचार हो गया। वहीं शिल्पा अग्रवाल ने कहा कि सभी को वोट देना चाहिए, यह सबका अधिकार है। इसलिए वोट देने को हल्की बात नहीं समझना चाहिए। जबकि भानुप्रिया योगेश जांगिड़ बोलीं,चुनाव लोकतंत्र का त्योहार है, जागरूकता के लिए मतदान करना बहुत जरूरी है।